-कुंडली में सरकारी नौकरी का संयोग बताकर लिया झांसे में
-स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर दो लोगों के साथ ठगी
आरोपी युवक पर पुलिस ने दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी।
रुद्रपुर। दो युवकों से उनकी कुंडली में सरकारी नौकरी मिलने का संयोग बताकर फिर उन्हें स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर एक ठग रकम लेकर फरार हो गया। घटना क्षेत्र के दो बेरोजगार युवकों के साथ हुई। मामले में पुलिस पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रकम नहीं देने का अभियोग पंजीकृत कर जांच में जुटी है।
नगर के दुग्धेश्वरनाथ मंदिर के निकट निवासी रामाश्रय यादव ने पुलिस को दी तहरीर देकर बताया कि उनके बेटे नीरज की ससुराल खुखूंदु थाना क्षेत्र के तिलौली उर्फ देहरी गांव में है। उनकी बहू के मायके से एक पंडित अक्सर घर में अनुष्ठान कराते आया करते थे। एक साल पहले उन्होंने उनके बेटे नीरज की कुंडली देख कर सरकारी नौकरी मिलने का संयोग बताया।
इस दौरान उन्होंने देवरिया मेडिकल कॉलेज में संविदा पर नौकरी निकलने के बारे में बताते हुए एक दलाल के जरीये कार्य कराने की बात भी कही। आरोपी ने जमीरा गांव के दीनानाथ यादव के बेटे और बहू की कुंडली देख कर उन्हे भी सरकारी नौकरी मिलने का संयोग बता कर झांसा दे दिया। आरोपी ने दोनों परिवार से तीन लाख रुपये नौकरी दिलाने के नाम पर ले लिया। छह माह तक नौकरी नहीं मिलने पर परेशान होकर पीड़ितों ने जांच की, तो उनके होश उड़ गए।
स्वास्थ्य महकमे में कोई भर्ती ही नहीं आई थी, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस में की। कोतवाली में पंचायत होने पर आरोपी युवक ने कुछ रकम वापस की, फिर देने से इन्कार करने लगा। पुलिस ने आरोपी युवक अभय तिवारी पर केस पंजीकृत किया। सीओ अंशुमन श्रीवास्तव ने कहा कि पुलिस केस दर्ज कर मामले की विवेचना कर रही है।