शोर सुनकर पहुंचे गांव वालों को देखकर बाइक छोड़कर भाग निकले युवक
नाराज गांव वालों ने युवक की बाइक को ईंट से कूचा, मौके पर पहुंची पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। खेत की ओर गईं सगी बहनों से बाइक सवार दो युवकों ने छेड़खानी की। विरोध करने पर दोनों की पिटाई कर दी। शोर सुनकर पहुंचे गांववालों को देखकर दोनों युवक बाइक छोड़कर भाग निकले। नाराज लोगों ने बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। एक युवक पड़ोस के गांव और दूसरा गांव का ही रहने वाला है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच कर रही है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव की 18 वर्षीय युवती पड़ोस के एक महाविद्यालय में पढ़ती है। रविवार को वह छोटी बहन के साथ गांव के बाहर बगीचे में गई थी। आरोप है कि इसी बीच गांव का एक युवक पड़ोसी गांव के अपने सहपाठी युवक के साथ मौके पर पहुंचा। वह छात्रा को जबरन मोबाइल फोन देने लगा। जब उसने फोन लेने से इन्कार किया तो युवक छेड़खानी करते हुए युवती का गला दबाने लगा। बीच-बचाव करने पर छोटी बहन की पिटाई कर दी। जब छात्रा ने शोर मचाया तो गांव वाले पहुंच गए।
लोगों को आते देखकर आरोपी बाइक छोड़कर भाग निकले। नाराज गांव वालों ने युवकों की बाइक को ईंट से कूच दिया। मौके पर पहुंची डॉयल 112 की पुलिस ने नाराज लोगों को शांत कराया। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। बाइक को कब्जे में ले ली गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।