संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। क्षेत्र के मोहरा-बैरिया घाट पर पीडब्ल्यूडी की ओर से लगाए गए पीपा पुल के रास्ते शुक्रवार से आवागमन बंद कर दिया गया है। राप्ती के जलस्तर में हुए इजाफा से विभाग समय से पूर्व पांटून हटवा लिया है।
राप्ती नदी तट स्थित मोहरा-बैरिया घाट पर पीडब्ल्यूडी की ओर से प्रत्येक वर्ष पीपा पुल लगाया जाता है। नदी पार गांव के लोगों का खेत होने के कारण इस रास्ते से किसानों के अलावा गोरखपुर जनपद जाने वालाें की आवाजाही होती है। सरयू का जलस्तर बढ़ने के साथ राप्ती में भी तेजी आई है। लोगों का कहना है कि 15 नवंबर से 15 जून तक पीपा पुल से आवागमन सुलभ कराए जाने का प्रावधान है। लेकिन इस बार एक सप्ताह पूर्व ही पांटून हटाया जाने लगा है। जेई पंकज शाह ने बताया कि राप्ती के जलस्तर में बढ़त दर्ज किया गया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवागमन बंद कराते हुए पांटून हटाया जा रहा है। संवाद