समाजवादी चिंतक और सपा के मुख्य सचेतक रहे मोहन सिंह की संपत्ति को लेकर उनकी बेटी सांसद कनकलता सिंह की छोटी बहन रीता सिंह से तकरार हो गई है। छोटी बहन के बेटे ने सांसद पर समर्थकों के जरिए धमकाकर निर्माण रुकवाने का आरोप लगाया है। सांसद इसे बदनाम करने की साजिश बता रही हैं।मसला शहर की भुजौली कॉलोनी स्थित मोहन सिंह की उस संपत्ति से जुड़ा है, जिस परिसर को वह अपने दफ्तर के रूप में इस्तेमाल करते थे। मोहन सिंह की छोटी बेटी रीता सिंह के बेटे प्रतीक सिंह का आरोप है कि इस परिसर के भीतर जरूरी निर्माण शुरू कराया था लेकिन बृहस्पतिवार को मौसी (सांसद कनकलता) का हवाला देते हुए कुछ लोग पहुंचे और धमकाकर निर्माण रोकने के लिए दबाव बनाया।इस बाबत पूछने पर सांसद कनकलता सिंह ने प्रतीक के रवैये पर हैरानी जताई है। उनका कहना है कि पिता की संपत्ति को लेकर किसी तरह के विवाद की स्थिति न आए, इसके लिए वह पहले दिन से बहन और परिवार के अन्य लोगों को समझाती रही हैं। प्रतीक के आरोप को बदनाम करने की साजिश बताते हुए सांसद कनकलता सिंह ने कहा कि उस परिसर का आधे से ज्यादा हिस्सा खाली छोड़ रखा गया है। अगर जरूरत हो तो उन्हें उसी हिस्से में निर्माण की कोशिश करनी चाहिए।