मामा के घर से वलीमा की दावत खाकर लौट रहे थे युवक
बघौचघाट थाना क्षेत्र के सेमरी पुल के पास हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
कंचनपुर। तरकुलवा थाना क्षेत्र के कवलाचक गांव के चार युवकों से सोमवार की देर रात बदमाशों ने तमंचा सटाकर नकदी व मोबाइल फोन लूट लिया। सभी युवक बघौचघाट थाना क्षेत्र के गुलरबग्गा गांव स्थित अपने मामा के घर से वलीमा की दावत खाकर लौट रहे थे। तभी रास्ते में सेमरी पुल के पास 15 की संख्या में बदमाशों ने उनको रोककर तमंचा व रॉड से हमला बोलकर दो हज़ार नकदी व एक एंड्रॉयड फोन लूट लिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की। पीड़ित युवकों ने बघौचघाट थाने में तीन नामजद समेत 15 के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के कवलाचक गांव के रहने वाले तालिब व शोएब पुत्रगण इब्राहिम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि वे लोग गांव के साहिल अली व राकी के साथ दो बाइक से सोमवार को बघौचघाट थाना क्षेत्र के गुलरबग्गा गांव में मामा के घर वलीमा की दावत में शामिल होने गए थे। वहां से दावत खाकर लौटते समय रात में 11:30 बजे के करीब सेमरी पुल के पास 15 की संख्या में बदमाश किस्म के लोगों ने उनलोगों को रोककर तमंचा, रॉड और चाकू से हमला बोल दिया। इसमें तीन लोग पहचान में आ गए। हमलावरों ने उनको मारपीट कर घायल करने के साथ ही दोनों बाइकों को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप है कि उनलोगों ने तमंचा सटाकर तालिब की जेब से पांच सौ के चार नोट यानी दो हज़ार रुपये और सैमसंग गैलेक्सी एंड्रॉएड मोबाइल फोन को छीन लिया। वे लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर भागे और पुलिस को इसकी सूचना दी। थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय ने बताया कि तहरीर मिली है। जांचकर कार्रवाई की जाएगी।