एमएलसी स्थानीय प्राधिकारी पद के लिए गुरुवार को वोट डाले जाएंगे। देवरिया और कुशीनगर के 4962 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान का दौर चलेगा। बुधवार की शाम तक पोलिंग पार्टी मतदेय स्थलों पर पहुंच गईं। चुनाव के मद्देनजर मतदेय स्थलों पर सुरक्षा के इंतजाम कर दिए गए हैं। एमएलसी स्थानीय प्राधिकारी पद के लिए पांच प्रत्याशियों नेे ताल ठोकी है। समाजवादी पार्टी से रामअवध यादव, बसपा से अजीत शाही उर्फ अजीत वीर विक्रम सिंह, भाजपा से सुनील सिंह, पंचायत प्रतिनिधि महासंघ की ओर से सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. चतुरानन ओझा और सेवानिवृत्त डीपीआरओ जनार्दन शाही चुनाव मैदान में हैं।अजीत शाही जेल से चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों जिलों के 4962 मतदाता है। इसमें 2909 पुरुष और 2053 महिला हैं। दोनों जिलों में 32 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।