संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। शहर के एक मुहल्ले के रहने वाले एक युवक ने दरवाजे पर खेल रहे एक बालक को बुलाकर कुकर्म कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। लार थाना क्षेत्र के पटनेजी गांव निवासी रजनीश तिवारी उर्फ बबलू तिवारी शहर के एक मुहल्ले में किराए के मकान में रहते हैं। सोमवार को मुहल्ले का आठ वर्षीय एक बालक उसके मकान के सामने खेल रहा था। युवक की नजर बालक पर पड़ी तो उसने उसे अपने कमरे में बुलाया। जहां बच्चे को कमरे के अंदर ले जाकर उसके साथ कुकर्म किया। बालक खून से सना हुआ पैंट पहनकर घर पहुंचा। परिजनों ने इसके बारे में बच्चे से पूछा तो उसने घटना के बारे में जानकारी दी। परिजन बच्चे को लेकर सदर कोतवाली पहुंचे। घटना की जानकारी होते ही सदर कोतवाली पुलिस हरकत में आई और युवक को शहर से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बालक का जिला अस्पताल में मेडिकल के साथ ही इलाज कराया है। पीड़ित के परिजनों की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने रजनीश तिवारी उर्फ बबलू तिवारी के विरुद्ध पाॅस्को एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार सिंह ने बताया कि बच्चे के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। युवक को शहर के एक स्थान से गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।