कम उम्र में बेटी की शादी करने वाले माता-पिता वन स्टॉप सेंटर पर शुक्रवार को पहुंचे, लेकिन जिस युवक से शादी की है वह फरार है। आधार कार्ड व राशन कार्ड नहीं लाने की वजह से किशोरी के उम्र की जांच के लिए मेडिकल कराया गया। मंगलवार को माता-पिता को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है। किशोरी की जिस युवक से शादी हुई है, उसे ढूंढा जा रहा है।
कुशीनगर जिले के खड्डा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी की शादी उसके न चाहने के बावजूद माता-पिता करा दिए। ससुराल गई किशोरी कुछ दिन रहने के बाद वहां से एक सप्ताह पहले भाग गई। भटकते हुए किशोरी मंगलवार की रात तरकुलवा थाने पर पहुंची, जहां पुलिस को पूरी कहानी सुनाई। पुलिस ने किशोरी को वन स्टॉप सेंटर पहुंचा दिया। चाइल्ड केयर लाइन और सीडब्लूसी की काउंसलिंग में बाल विवाह का मामला सामने आया।
शुक्रवार को किशोरी के माता-पिता वन स्टॉप सेंटर पर पहुंचे, लेकिन किशोरी का व अपना आधार कार्ड, राशन कार्ड व कोई अन्य प्रमाणित पहचान पत्र नहीं लाने के कारण कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी और उन्हें मंगलवार को दोबारा काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है। जिस युवक से शादी करने का दावा माता-पिता कर रहे हैं अब वह सामने आने से बच रहा है। बुलाने के बावजूद उसके घर वाले भी कोई नहीं आए।
वहीं किशोरी की उम्र की पुष्टि के लिए मेडिकल कराया गया। रिपोर्ट आने और माता-पिता की काउंसलिंग के बाद इस मामले में कार्रवाई आगे बढेगी। प्रोबेशन अधिकारी अनिल कुमार सोनकर ने बताया कि किशोरी की शादी जिस युवक से होने की बात कही जा रही है। वह सामने आने से भाग रहा है।
उसके घर वाले भी नहीं आए थे। किशोरी के माता-पिता आए थे, लेकिन कोई कागजात नहीं लाए थे, इसलिए उन्हें मंगलवार को बुलाया गया है। साक्ष्य और काउंसलिंग में जो बातें सामने आएगी। उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।