टीम ने दूध विक्रेताओं से दूध के लिए पांच नमूने
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। रक्षाबंधन त्योहार पर मिलावट पर अंकुश लगाने तथा लोगों को शुद्ध खाद्य व पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को टीम ने दूध विक्रेताओं की जांच की और दूध के पांच नमूने लिए।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत बृहस्पतिवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम कतरारी चौराहे पर पहुंची। यहां टीम ने बाइक से जा रहे एक दूध विक्रेता को रोका। उससे गाय के दूध का नमूना लिया। वहीं, दूसरे विक्रेता से मिश्रित दूध का नमूना लिया गया। इसके बाद टीम भीखमपुर रोड पहुंची और वहां से गुजरने वाले दूध विक्रेताओं की जांच शुरू की। यहां संदेह के आधार पर एक मिश्रित दूध का नमूना लिया गया।
इसके आगे पिपरपाती नहर के पास एक गाय के दूध का नमूना टीम ने लिया। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवेंद्र, खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप श्रीवास्तव, रंजन श्रीवास्तव, मनीष मल्ल, अजीत त्रिपाठी एवं डॉ. सुबेश कुमार शामिल रहे। सहायक आयुक्त (खाद्य) खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन रमेंश चंद्र पांडेय ने कहा कि अभियान के तहत दूध विक्रेताओं से दूध के पांच नमूने लिए गए। उसे जांच के लिए भेजा जाएगा।