देवरिया। तरकुलवा थानाक्षेत्र के एक गांव में अपनी प्रेमिका से मिलने जाना युवक को महंगा पड़ गया। प्रेमिका के परिजनों ने युवक को प्रेमिका के साथ पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में युवक को सीएचसी पथरदेवा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के पांडेयचक निवासी सुजीत सिंह का थानाक्षेत्र के पथरदेवा गांव की एक युवती से कुछ दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। रविवार की रात में युवक अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंच गया। प्रेमिका के सहयोग से वह घर के भीतर दाखिल हो गया। दोनों घर के अंदर एक कमरे में बैठ कर बातें करने लगे। तभी परिजनों को किसी के घर में घुसने की आहट लग गई। घरवालों ने जब घर की तलाशी करनी शुरू की तो युवक प्रेमिका के साथ मिला। मौके पर ही घर वालों ने युवक की पिटाई शुरु कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को कब्जे में लेकर उसे एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पथरदेवा ले गई, जहां उसका प्राथमिक इलाज करने के बाद डाॅक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसओ दिलीप सिंह ने बताया कि एक युवक रविवार की रात में कस्बे में एक घर में घुसा था, जिसे पकड़ा गया है। उसे चोर समझ कर कुछ लोगों ने पिटाई कर दी है। युवक का इलाज कराया जा रहा है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।