मरीजों का दो घंटे में पर्ची, डाक्टर को दिखाने में लग रहा समय, चार घंटा एक्सरे के लिए इंतजार
मरीजों का दो घंटे में पर्ची, डाक्टर को दिखाने में लग रहा समय, चार घंटा एक्सरे के लिए इंतजार
- फोटो
- पर्ची कटवाने और डॉक्टर को दिखाने में मरीजों का घंटों समय हो रहा बर्बाद
देरी से पहुंचने पर दवा काउंटर हो जा रहा बंद, निराश लौट रहे मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने और दवा लेने में मरीजों को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। मरीजों का पर्ची कटवाने और डॉक्टर को दिखाने में ओपीडी का आधा समय निकल जा रहा है। जबकि डिजिटल एक्स-रे कराने में चार घंटे लग जा रहे हैं। इससे दवा काउंटर बंद होने से मरीजों को बिना दवा लिए ही लौट जाना पड़ रहा है। वहीं विलंब से पहुंचे लोगों को दूसरे दिन आना पड़ रहा है। खड़े-खड़े मरीजों व तीमारदारों के पैर थक जा रहे हैं।
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में सोमवार को मरीजों की भीड़ रही। विभिन्न क्षेत्रों सहित बिहार के सीमावर्ती गांव के 2426 लोगों ने इलाज कराया। सुबह 11.32 बजे पर्ची के चार काउंटर पर लंबी कतार रही। महिलाओं की दो लाइन में 59 व 54 लोग बारी की प्रतीक्षा कर रहे थे। एक पर्ची बनाने में तीन से चार मिनट का समय लग रहा था। एक मरीज को करीब दो घंटे खड़ा रहना पड़ा। पर्ची काउंटर पर भीड़ होने के कारण डॉक्टर को दिखाने में विलंब होने से दवा काउंटर बंद हो गया। जिससे 10 लोगों को बिना लिए लौट जाना पड़ा।
वहीं पुरुष की दो में से एक कतार में 61 लोग खड़े थे। उन्हें करीब तीन घंटे लगा। इस दौरान देरी होने के कारण 15 लोगों को दवा नहीं मिल सकी। 11.43 बजे मेडिसिन विभाग में भी दो लाइन लगी थी। यहां भी मरीजों को तीन घंटे इंतजार करना पड़ा। 11.45 बजे मानसिक विभाग, चेस्ट, दंत में दिखाने में मरीजों को करीब 20 मिनट का समय लगा। जबकि चर्म रोग विभाग में लोगों की कतार लगी रही। इससे मरीजों को इलाज करवाने के लिए डेढ़ घंटे इंतजार करना पड़ा। 11.50 बजे सर्जरी विभाग में लंबी कतार थी। मरीजों को बारी के लिए करीब चार घंटे इंतजार करना पड़ा। ओपीडी 2.15 बजे तक चली। करीब 30 मरीजों को बिना इलाज के लिए लौटना पड़ा। वहीं हड्डी विभाग में 12.01 बजे तीन लाइन में खड़े लोगों को साढ़े तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। एक्स-रे रिपोर्ट लेकर 2.20 बजे के बाद 25 लोग पहुंचे तो डॉक्टर कक्ष छोड़कर चले गए थे। उधर, दवा कांउटर 2.10 बजे बंद हो गया।
बुखार, सर्दी, जुकाम, हर्ट, नस व दर्द के अधिक पहुंचे मरीज
- मेडिकल कॉलेज में सोमवार को बुखार,सर्दी, जुकाम, बदन दर्द, हर्ट, शुगर, बीपी के मरीज अधिक रहे। वहीं कमर, घुटना, गर्दन दर्द, नस, हड्डी तथा चर्म रोग के मरीज रहे।
- फोटो
- यहां इलाज कराने में परेशानी हो रही है। पर्ची लेने में काफी समय लगा। डॉक्टर को दिखाने के लिए दो घंटे से खड़ा हूं। तीन घंटे बाद नंबर आया। डॉक्टर को दिखाने के बाद दवा काउंटर पर पहुंचा, पर कांउटर बंद हो चुका था।
बेचन, करमेल बनरही
परिवार की महिला सदस्य इंदू देवी को लेकर आया हूं। हर जगह लाइन में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। ईसीजी कराने के बाद एक्सरे में लंबी लाइन होने की वजह से लौट गया।
अजय कुमार, बिंदवलिया
मरीजों व तीमारदारों के बैठने का नहीं है पर्याप्त इंतजाम
- मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मरीजों व तीमारदारों को बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। हर रोज करीब ढाई हजार मरीज व उनके तीमारदार इलाज के लिए आते हैं। पर बैठने के लिए महज 54 कुर्सी ही है। थक कर लोग फर्श पर बैठ कर आराम करते हैं। वहीं पेयजल के लिए लगा वाटर कूलर खराब है। उसकी टोटी गायब हो गई है। ऐसे में लोगों को खरीद कर पानी पीना पड़ता है।
अस्पताल में भीड़ बढ़ गई है। इसे देेखते हुए कार्य योजना बनाई जा रही है। आने वाले दिनों में समस्या का समाधान हो जाएगा।
डॉ. एचके मिश्रा सीएमएस