देवरिया। मेडिकल कॉलेज में फैले दलालों के मकड़जाल को तोड़ने की कोशिशों में प्राचार्य ने नए सिरे से कवायद शुरू की है। ओपीडी में दलालों के साथ कर्मचारियों का वीडियों वायरल हुआ था। शनिवार को प्राचार्य ने कर्मचारियों को बुलाकर हिदायत दी। इसके अलावा सभी विभागाध्यक्षों तथा इमरजेंसी के नोडल अधिकारी को पत्र जारी कर दलालों को प्रश्रय देने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई का निर्देश दिया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने मेडिकल कॉलेज में पांव जमाए दलालों और अराजकतत्वों पर नकेल कसने के लिए डीएम को भी पत्र लिखा है।
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल काॅलेज में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को अपने जाल में फंसा कर दलाल आर्थिक शोषण कर रहे हैं। कर्मचारियों के साथ-साथ सुरक्षा कर्मियों की मिलीभगत से यह खेल काफी दिनों से चल रहा है। इस खेल में मेडिकल स्टोर संचालकों से ताल्लुकात रखने वाले युवक भी शामिल हैं। इस संबंध में अमर उजाला लगातार खबरें प्रकाशित कर रहा है।
शुक्रवार को डॉक्टरों के चेंबर में दलालों की सक्रियता का वीडियो और फोटो वायरल हुआ। वायरल वीडियो में दलाल कर्मचारियों के साथ नजर आ रहे हैं। एक वीडियो में दलाल डॉक्टर के टेबल पर बैठकर पर्ची बना रहा है। शनिवार को प्राचार्य ने वीडियो और तस्वीर में दिखने वाले कर्मचारियों को बुलाकर कड़ी चेतावनी दी। कहा कि अगर दोबारा कोई कर्मचारी दलालों को शह देते मिला तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सभी विभागाध्यक्षों को पत्र जारी कर कहा है कि चेंबर में दलाल व बाहरी व्यक्ति दिखा तो खैर नहीं होगी। अंजान लोगों पर कर्मचारी व डॉक्टर नजर रखें। इसमें सभी का सहयोग जरूरी है। मेडिकल कॉलेज के स्वास्थ्य सुरक्षा नोडल अधिकारी को भी सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्धारित ड्रेस में नहीं रहने पर होगी कार्रवाई
मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों को निर्धारित ड्रेस कोड में रहने का निर्देश दिया गया है। साथ ही नेम प्लेट भी लगाने को कहा गया है, ताकि मरीज भी दलालों और कर्मचारियों में आसानी से फर्क समझ सके। कर्मचारियों से कहा गया है कि बाहरी व अराजकतत्वों के दिखाई देने पर सुरक्षा के नोडल अधिकारी को सूचना दें।
इंचार्ज के आने से पहले पहुंचा संदेश...खिसक गए दलाल
सूत्रों के अनुसार, प्राचार्य के निर्देश के बाद शनिवार को सुरक्षा कर्मियों के इंचार्ज जांच के लिए पहुंचते इससे पहले ही एक युवक ने उनके आने की सूचना दे दी, जिसका नतीजा रहा कि उनके आने से करीब एक मिनट पहले कमरा नंबर एक और हड्डी विभाग में बैठे दलाल खिसक गए। इसके बाद इंचार्ज ने जांच कर प्राचार्य को सब कुछ ठीक होने की सूचना दे दी।
सभी विभागाध्यक्षों को पत्र जारी किया गया है। कर्मचारियों को ड्रेस कोड और नेमप्लेट लगाने का निर्देश दिया गया है। कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत सामने आई है, उन्हें चेतावनी दी गई है। बाहरी व्यक्तियों और दलालों पर रोक लगाने के लिए डीएम को पत्र लिख कर मदद मांगी गई है। हर हाल में दलालों का नेटवर्क खत्म किया जाएगा। -डॉ. राजेश कुमार बरनवाल, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज