युवती के शोर मचाने पर बाइक सवार युवकों ने पिटाई कर कपड़ा फाड़ा
देवरिया। गांव के बाहर गई युवती को बाइक सवार दो नकाबपोश युवक खेत की तरफ उठा ले गए। नकाबपोशों ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। इस बीच युवती के शोर मचाने पर आरोपी भाग खड़े हुए। किसी तरह भाग कर घर पहुंची युवती ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। पुलिस ने अज्ञात युवकों पर छेड़खानी का केस दर्ज कर लिया है।
बनकटा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती दो दिन पूर्व देर शाम को शौच करने गांव के बाहर गई थी। लौटते समय दो नकाबपोश युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया और जबरन खेत की तरफ उठा ले गए। वहां युवकों ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया। युवती के शोर मचाने पर उसकी पिटाई कर कपड़ा फाड़ दिया और मौके से भाग गए। युवती का शोर सुनकर शौच करने गईं अन्य महिलाएं भी पहुंच गईं। किसी तरह युवती घर पहुंची और घटना की जानकारी दी। एसओ अमित कुमार राय ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपियों की पहचान की जा रही है।