पांच घंटे तक चले धरने के बाद डीआईओएस को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से शनिवार को विभिन्न मांगों के समर्थन में डीआईओएस कार्यालय पर धरना दिया गया। शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली, समान कार्य के लिए समान वेतन, निशुल्क चिकित्सा सुविधा सहित अन्य मांगों को पूरा किए जाने की बात प्रमुखता से उठाई।
धरने को संबोधित करते हुए गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन खंड के विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आज प्रदेश के सभी 75 जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों पर पुरानी पेंशन बहाली, समान कार्य के लिए समान वेतन, निशुल्क चिकित्सा सुविधा जैसे मुद्दों को लेकर धरना दिया जा रहा है। ओमप्रकाश शर्मा एवं पंचानन राय के नेतृत्व में जो भी उपलब्धियां शिक्षक समाज ने हासिल की थी, अब वो समाप्त होने के कगार पर है। विधान परिषद में इन समस्याओं को लेकर लंबी लड़ाई लड़ी गई है। जब भी चुनाव नजदीक आता है शिक्षक समाज जाति व दल के घेरे से ऊपर नहीं उठ पाता। इसका खामियाजा यह हुआ है कि विधान परिषद में शिक्षकों की समस्याओं को उठाने वाला कोई नहीं है। शिक्षक समाज अब जागरूक नहीं हुआ तो वेतन वितरण अधिनियम भी खतरे में आ जाएगा। जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक हित में संगठन सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ने को तैयार है। प्रदेशीय उपाध्यक्ष अवधेश सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जनपद के शिक्षक किसी भी संघर्ष के लिए तैयार हैं। जिला मंत्री विजय भारत सिंह ने कहा कि राजनीतिक दल शिक्षक संगठनों को समाप्त करने पर तुले हैं। जब तक शिक्षक संघर्ष के लिए तैयार नहीं होंगे, तब तक मांगे पूरी नहीं हाेंगी। कोषाध्यक्ष अभिषेक पांडेय ने कहा कि शिक्षकों के वेतन से संबंधित समस्याओं दूर नहीं की गई तो संगठन पुन: धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होगा। धरने को राजेश पांडेय, मुश्ताक अहमद, अशोक शुक्ला, ध्रुवनाथ मिश्रा, गोरखनाथ गुप्ता, विजय प्रताप सिंह, धनंजय उपाध्याय, रामप्रताप यादव, नीरजा सिंह, राजेश गुप्ता, मिश्रीलाल ने भी संबोधित किया। इस मौके पर संगठन से जुड़े सैकड़ों पुरुष व महिला शिक्षक मौजूद रहे।