पांचवीं बरसी पर विधायक के साथ ग्रामीणों ने दी श्रद्धांजलि
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। क्षेत्र के छपिया जयदेव स्थित शहीद पार्क में पुलवामा में शहीद हुए विजय मौर्य को क्षेत्रीय विधायक, ग्रामीण व परिजनों ने बुधवार को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने पुलवामा के शहीदों को याद करते हुए देश भक्ति गीतों की प्रस्तुति की। वहीं, विधायक ने विजय की शहादत पर गर्व करने व देश पर मर मिटने के जज्बे की बातें कीं।
2019 में जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में छपिया जयदेव गांव निवासी विजय मौर्य भी शहीद हो गए थे। उनकी पांचवीं बरसी पर गांव स्थित शहीद पार्क में इस दिवस को शहादत के दिवस के रूप में मनाया गया। क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने कहा कि शहीद विजय मौर्य के शहादत पर सभी देशवासियों को गर्व है। उनके बलिदान ने गांव सहित पूरे जवार का नाम देश स्तर पर रोशन किया है।
इसके पहले पिता रमायन मौर्य, पत्नी विजय लक्ष्मी मौर्य, बेटी आराध्या, भाई अशोक मौर्य आदि ने भी शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण व श्रद्धांजलि देकर आगंतुकों के प्रति आभार जताया।
गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय की छात्रा नंदिनी, लक्ष्मी, बेबी, पूजा ने देशभक्ति गीत तथा नृत्य प्रस्तुत किया। श्वेता मौर्य ने पार्क में शहीद की प्रतिमा सहित कई रंगोली बनाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विधायक ने पार्क के सुंदरीकरण के लिए अपनी निधि से कराई गई इंटरलाॅकिंग का भी लोकार्पण किया।
इस अवसर पर रामदेव यादव, प्रधान प्रतिनिधि कैलाश यादव, ब्रजेश कुशवाहा, अजय मिश्र, मंजय यादव, गीता मौर्य, सुनीता मौर्य, निर्मला कुशवाहा, सुनील मद्धेशिया, ताहिर अहमद, जितेंद्र मौर्य, वाल्मीकि कुशवाहा, आगम स्वरूप मौर्य, अजय कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।
इनसेट में
सीआरपीएफ जवानों ने दी श्रद्धांजलि
भटनी। शहीद विजय मौर्य की पांचवीं बरसी पर सीआरपीएफ के चंदौली बटालियन के सहायक उपनिरीक्षक रामउजागीर, रामनवल, रिटायर्ड हवलदार अमरनाथ चौरसिया आदि शहीद पार्क पहुंचे। इन्होंने शहीद की पत्नी विजयलक्ष्मी को अंगवस्त्र आदि देकर सम्मानित किया। बटालियन के अधिकारियों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर सलामी दी।