विवाहिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मारपीट समेत दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज किया है। आरोप है कि शादी के दो माह हुए ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे हैं। जब मैं विरोध कर रही हूं, तो पति समेत सास ससुर सब मिलकर पिटाई कर रहे हैं।
कोतवाली थाना क्षेत्र के विराजमार गांव निवासी खुशबू सिंह कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दो माह पूर्व घर वालों की रजामंदी से हम दोनों की शादी हुईं है। शादी के तीन माह बाद से ससुराल के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। जब इसकी जानकारी मायके वालों को दी, तो मेरे साथ मारपीट की। कई बार इसके लिए पंचायत हुई। फिर भी वे सब अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे हैं।
24 जून की रात पति शराब के नशे में आए और मारपीट की, जिसमें परिवार के अन्य लोग भी शामिल रहे। कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पति प्रिंस सिंह, सास आशा सिंह, ससुर दिलीप सिंह, ननदोई अजीत सिंह के खिलाफ मारपीट समेत दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सीओ दीपक शुक्ला ने बताया कि नवविवाहिता के तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।