संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। धनतेरस, दीपावली को लेकर बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। सराफा, बर्तन, कपड़ा, इलेक्ट्राॅनिक के अलावा आटोमोबाइल सेक्टर भी अपनी तैयारियों में लग गया है। शापिंग कांप्लेक्स व शोरूम को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। दुकानदारों ने भी अभी से ग्राहकों को ऑफर की पेशकश देनी शुरू कर दी है। पर्व के सीजन में व्यवसायी भी कारोबार में बड़ी उछाल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
धनतेरस को लेकर शहर से ग्रामीण क्षेत्रों तक के बाजारों में भी उत्साह दिखने लगा है। एक सप्ताह पहले से ही बाजारों में खरीदारी एवं शुभ मुहूर्त में सामान लेने के लिए बुकिंग कराने के लिए ग्राहक आने लगे हैं। बर्तन, आभूषण, कपड़े, शापिंग कांप्लेक्स, इलेक्ट्राॅनिक एवं दोपहिया व चारपहिया वाहनों के एजेंसियों को खूब सजाया जा रहा है। साथ ही एडवांस बुकिंग कराने के लिए यहां पर अभी से लोगों का आना-जाना शुरू है।
प्रतिष्ठान स्वामी ग्राहकों को लुभाने के लिए अलग-अलग ऑफर भी दे रहे हैं। धनतेरस को लेकर कारोबारियों को उम्मीद है कि इस बार अन्य वर्षों से बेहतर खरीदारी होने से धन वर्षा ज्यादा होगी। हालांकि कारोबारी यह भी मान रहे हैं कि ऑनलाइन ट्रेडिंग बाजार से लोकल बाजार पर भी इसका असर दिखेगा। पुरवा स्थित मारुति सुजूकी के मैनेजर राकेश दूबे ने बताया कि अब तक 100 चारपहिया वाहनों की बिक्री हो चुकी है, हर दिन बुकिंग की जा रही है। धनतेरस तक 195 वाहनों को देने का लक्ष्य है।
बर्तन के थोक व फुटकर विक्रेता मनोज कुमार वर्मा का कहना है कि धनतेरस पर अधिकतर थाली, गिलास, कटोरी, लोटा, प्लेट, जग, ट्रे एवं पूजा की थाली व इससे जुड़े बर्तन अधिक बिकते हैं। स्टील व पीतल के दाम इधर जरूर कुछ बढ़े हैं। ऑनलाइन खरीदारी व महंगाई से बिक्री पिछले कुछ सालों से प्रभावित ही चली है। इस बार उम्मीद कर रहे हैं कि अच्छा व्यवसाय होगा।