- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की बैठक में जिला जज ने न्यायिक अधिकारियों को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की बैठक सोमवार को दीवानी न्यायालय स्थित सभागार में हुई। इसमें 21 मई को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई। प्राधिकरण के अध्यक्ष व जिला जज जेपी यादव ने कहा कि सभी न्यायिक अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए अभी से तैयारी में जुट जाएं। अधिक से अधिक मामलों को चिह्नित कर उसका निस्तारण कराएं।
इसके लिए समस्त संबंधित मामलों के पक्षकारों को नोटिस भेजा जाए। संबंधित थानों से नोटिस को समय तामिला कराने के लिए निर्देशित किया जाए। सचिव/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अशोक कुमार दुबे ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अन्य वादों के अलावा विशेषत: विशिष्ठ विषय आपराधिक शमनीय वाद, 138 धारा पराक्रम लिखित अधिनियम, बैंक वसूली वाद, बिजली एवं जल, पारिवारिक वाद, भूमि अधिग्रहण वाद, सर्विस में वेतन एवं भत्ते संबंधित विवाद, राजस्व वाद अन्य सिविल वादों (किराया, सुखाधिकार, व्यायादेश विशिष्ट अनुतोष वाद) आदि के लंबित मामले व प्री-लिटिगेशन विवादों का भी निस्तारण पक्षकारों के आपसी सुलह समझौते के आधार पर किया जाएगा। इस दौरान जनपद न्यायालय के समस्त न्यायाधीश उपस्थित रहे।