तहरीर दी, कोतवाल ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया
सलेमपुर। दो दिन पहले अपने दरवाजे पर बैठे एक व्यक्ति के ऊपर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। पति को लहूलुहान देख बीच बचाव करने आईं पत्नी और बेटी के अलावा घर के अन्य बच्चों पर भी मनबढ़ों ने हमला किया। जिसमें एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। आरोप है कि पीड़ित ने जब इसकी शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचा तो सिपाही ने उसे भगा दिया। पीड़ित ने घटना के तीसरे दिन रविवार को कोतवाल को तहरीर देकर देकर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली थाना क्षेत्र के लोहरा बनौली गांव निवासी रामायण प्रसाद 22 दिसंबर को अपने दरवाजे पर बैठे थे। आरोप है कि गांव के कुछ लोग आए और अपशब्द बोलते हुए उन पर लाठी-डंडा व धारदार हथियार से हमला बोल दिया। मनबढ़ों ने उनकी पत्नी सरस्वती देवी, बेटी गूंजा, लक्की, रविशंकर, सुधीर को भी पीटा। पीड़ित का आरोप है कि घटना के दिन जब शिकायत करने कोतवाली पहुंचा तो थाने के एक सिपाही ने गेट से ही भगा दिया। रविवार को पीड़ित कोतवाल से मिले। कोतवाल ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। कोतवाल उमेश कुमार बाजपेई ने बताया कि विवाद दो दिन पहले का बताया जा रहा है, लेकिन रविवार को तहरीर मिली है। आरोपितों पर कार्रवाई की जाएगी। किसी को भगाया नही गया हैं। थाने में पीड़ितो को न्याय मिलेगा।