तरकुलवा। देवरिया-कसया मार्ग पर गढ़रामपुर पुलिस चौकी के समीप एक सप्ताह पूर्व सड़क हादसे में मृत युवक की शिनाख्त हो गई। युवक जमुनी, केशरीपुर का रहने वाला था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार की सुबह नगर पंचायत क्षेत्र के जमुनी, केशरीपुर निवासी कपिलदेव कुशवाहा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने जब सड़क हादसे में मृत युवक के पास से बरामद कपड़ा और चप्पल दिखाया तो उसने मृतक की पहचान अपने भाई मुन्ना कुशवाहा के रूप में की। कपिलदेव कुशवाहा के अनुसार, वे पांच भाई थे। मुन्ना तीसरे नंबर का था। वह 31 अक्टूबर को रात को करीब आठ बजे घर से निकला था और तभी से उसका पता नहीं चल रहा था। उधर, देवरिया-कसया मार्ग पर गढ़रामपुर पुलिस चौकी के पास उसी रात को एक युवक को किसी अज्ञात वाहन ने रौंद दिया था।