बालगृह कांड की मुख्य आरोपी जेल से रिहा
पिछले साल छह अगस्त को पति समेत भेजी गई थी जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बालगृह बालिका कांड की मुख्य आरोपी गिरिजा त्रिपाठी मंगलवार की देर शाम जिला जेल से रिहा हो गई। अब इस मामले में केवल उनके पति मोहन त्रिपाठी ही जेल में बंद है। दूसरी तरफ मामले की जांच कर रही सीबीआई टीम लखनऊ लौट गई है। पांच अगस्त 2018 की रात तत्कालीन एसपी रोहन पी. कनय ने स्टेशन रोड स्थित बालगृह बालिका में अनैतिक कार्य होने की सूचना पर छापेमारी कर 23 लड़कियों को बरामद किया था। बालगृह बालिका की संचालक गिरिजा त्रिपाठी और उनके पति मोहन त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया गया था। केस दर्ज कर पुलिस ने छह अगस्त को दोनों को जेल भेज दिया था। मामला शासन में गूंजा तो सरकार ने पहले तत्कालीन डीएम सुजीत कुमार और फिर एसपी रोहन पी. कनय को हटा दिया गया था। मामले की जांच एसआईटी ने की। इस मामले में कुछ नौ लोगों को जेल भेजा गया था। एक-एक कर सात लोगों को पहले ही जमानत मिल गई थी। हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद मंगलवार की देर शाम मुख्य आरोपी गिरिजा त्रिपाठी को रिहा कर दिया गया। अब उनके पति मोहन त्रिपाठी ही जेल में हैं। इधर, जून महीने में मामले की जांच करने सीबीआई टीम आई। सारा रिकॉर्ड एकत्र कर सीबीआई लौट गई है। इस बाबत जेल अधीक्षक केपी त्रिपाठी ने बताया कि परवाना पहुंचने पर गिरिजा को रिहा कर दिया गया।