देवरिया। राजकीय इंटर कॉलेज प्रांगण में सोमवार को माध्यमिक विद्यालयी जनपदीय बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बालक वर्ग में महाराजा अग्रसेन बालक इंटर कॉलेज एवं बालिका वर्ग में कस्तूरबा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज विजेता बनी। खास बात यह रही कि जिम्मेदारों ने तहसील प्रतियोगिता को कराना उचित ही नहीं समझा और सीधे जनपदीय स्पर्धा करा ली।
जीआईसी में मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह, प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्जवलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज के बालक वर्ग, राजकीय इंटर कॉलेज की बालक-बालिका एवं कस्तूरबा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं की बैंड टीम ने प्रतिभाग किया। सभी टीमों ने क्रम से अपने हुनर का प्रदर्शन कर निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। इसके बाद विजेताओं के नामों की घोषणा की गई।
इसमें बालक वर्ग में महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज देवरिया प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज दूसरे स्थान पर रहा। बालिका वर्ग में कस्तूरबा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज द्वितीय रही। प्रतियोगिता के नोडल डाॅ. शेषनाथ चौहान, दयाराम एवं निर्णायक प्रमोद कुमार सिंह, शैलेंद्र कुमार सैनी, श्वेता शाह, पुष्पा , गोविंद सिंह, विजय कुमार मौर्य, संदीप कुमार रहे। अंत में डीआईओएस ने विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किया।