- कलेक्ट्रेट परिसर में चार घंटे तक चला धरना, सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। पुरानी पेंशन योजना बहाली विभिन्न कर्मचारी संगठनों की ओर से बने संयुक्त मंच के आह्वान पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने पुरानी पेंशन लागू होने तक संघर्ष करने का ऐलान किया। चार घंटे तक चले धरने के बाद प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम कार्यालय में सौंपा गया।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के उपाध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि पेंशन बुढ़ापे की लाठी है, इसके बहाली तक हम संघर्ष करेंगे। जिलाध्यक्ष अशोक कुमार पांडेय ने कहा कि 10 से 20 फरवरी तक राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भेजा गया। संगठन की ओर से लगातार इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। इसमें अन्य संगठनों के लोगों के खुलकर आने से हमारा संघर्ष मजबूत हुआ है। 22 मार्च से 20 अप्रैल तक प्रत्येक कार्यालयों पर पेंशन की मांग को लेकर गेट मीटिंग दोपहर एक बजे की जाएगी। 21 अप्रैल को विकास भवन परिसर से मशाल जुलूस निकाला जाएगा। ग्राम पंचायत सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह व मंत्री अवधेश कुशवाहा ने कहा कि पेंशन कर्मचारियों का हक है। सभा को पूर्व अध्यक्ष जयनरायन यादव, श्रीनिवास पांडेय, अनिल यादव, साहब हुसैन, शौकत अली, गिरीश, राकेश, गोरख मिश्रा, माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश मणि त्रिपाठी, पूर्व अध्यक्ष अवधेश सिंह, मंत्री विजय भारत सिंह, सुमंत यादव, योगेंद्र पटेल आदि ने संबोधित किया। प्रदर्शन में सन्नी कुमार, सूबेदार यादव, हृदयेश श्रीवास्तव, रामभवन, मारकंडेय मिश्रा, राजन, पप्पू, राघवेंद्र यादव, अखिलेश प्रसाद और श्रीराम त्रिपाठी आदि शामिल रहे।