दस दिन पहले स्कूल गई आठवीं कक्षा की छात्रा के घर नहीं लौटने का मामला
पुलिस बोली-न्यायालय में 164 के तहत होगा बयान फिर होगी आगे कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव की आठवीं कक्षा की एक छात्रा स्कूल गई, लेकिन घर नहीं लौटी। पुलिस केस दर्ज कर छात्रा की तलाश में जुटी थी। छात्रा शनिवार को पिता संग थाने पहुंच गई। पुलिस ने छात्रा को डाॅक्टरी परीक्षण के लिए देवरिया मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस का कहना है कि इसके बाद छात्रा का न्यायालय में 164 के तहत बयान होगा। फिर आगे की कार्रवाई होगी।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी मुसैला चौराहे के पास एक स्कूल में कक्षा आठवीं में पढ़ाई करती है। वह दस दिन पहले घर से स्कूल गई। आसपास के सभी छात्र स्कूल की छुट्टी होने पर घर चले आए। मगर छात्रा अपने घर नहीं लौटी। इसके बाद परिजन परेशान हो उठे।
अंत में थक-हार कर पिता थाने पहुंचे और पुलिस से बेटी को ढूंढ़ने के लिए गुहार लगाई। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह अज्ञात पर अपहरण का केस दर्ज कर छात्रा की तलाश में जुट गए। पुलिस छात्रा को ढूंढ़ती रही। शनिवार को छात्रा को लेकर उसके पिता स्वयं थाने पहुंच गए। पुलिस ने छात्रा को महिला कांस्टेबल के साथ मेडिकल परीक्षण के लिए देवरिया मेडिकल कॉलेज भेज दिया। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि छात्रा पिता के साथ थाने आई है। इतने दिनों तक वह कहां रही। बयान के दौरान पता चलेगा। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि मेडिकल परीक्षण के बाद छात्रा का न्यायालय में 164 के तहत बयान होगा, फिर आगे की कार्रवाई होगी।