देवरिया के खुखुंदू क्षेत्र में दो पखवाड़ा पूर्व बैंक में केवाईसी कराने गई बीए की छात्रा लापता हो गई थी। अब, रिश्तेदार युवक से शादी करने की बात कहकर छात्रा ने घरवालों से कहा, आप परेशान न हों, मैं ठीक हूं।
देवरिया के खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव की 21 वर्षीय बीए की छात्रा ने बंगलूरू में अपने रिश्तेदार युवक से शादी रचा ली है। कोर्ट मैरिज करने के बाद उसने घरवालों के पास फोन कर कहा कि आप लोग मुझे ढूंढिएगा मत, मैंने शादी रचा ली है। अब परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है। मैं ठीक से हूं। कहकर फोन काट दिया।
विज्ञापन
दो पखवाड़ा पूर्व बैंक में केवाईसी कराने गई छात्रा के घर नहीं लौटने पर मां ने तहरीर दी। इस पर पुलिस अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर उसकी तलाश कर रही थी।
बताया जा रहा है कि खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती कस्बे के एक डिग्री काॅलेज में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा है। वह बीते एक फरवरी की सुबह घर से कस्बे के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा में केवाईसी कराने के लिए निकली। शाम तक जब घर नहीं पहुंची तो परिजन परेशान हो उठे। आनन-फानन छात्रा की खोजबीन शुरू कर दी।
चौराहे से लेकर गांव और मुख्यालय तक तलाश करने के बाद जब वह नहीं मिली तो फिर परिजन चार पहिया वाहन लेकर पूरी रात आसपास के पांच रेलवे स्टेशनों पर दौड़ते-भागते रहे। लेकिन, छात्रा कहीं नहीं मिली। इसके बाद छात्रा की मां की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।
इधर, पुलिस का कहना है कि छात्रा के घरवालों ने छात्रा के मिल जाने की सूचना दी है। उसे बयान देने के लिए बुलाया जा रहा है। मगर वह आ नहीं रही है। जबकि परिजनों से बात करने पर उनका कहना है कि छात्रा एक पखवाड़ा पूर्व फोन कर बताई कि मैं बंगलूरू में हूं। यहीं एक रिश्तेदार युवक के साथ कोर्ट मैरिज कर ली हूं। जब उसे बयान के लिए बुलाया जा रहा है तो वह नहीं आ रही है। परिजन किसी रिश्तेदारी में होने की बात कह रहे हैं।