बैंक में ई-केवाईसी कराने गई थी बीए की छात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। तीन दिन पहले बैंक में ई-केवाईसी कराने के लिए घर से निकली खुखुंदू थाना क्षेत्र की 21 वर्षीय युवती का पता नहीं चल सका है। पुलिस युवती की मां की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है। हालांकि, तीन दिन का समय बीतने के बाद भी पुलिस अभी तक कॉल डिटेल खंगालने की बात कह रही है। उधर, युवती की मां अपनी बेटी के गायब होने के बाद तरह-तरह की आशंकाएं जाहिर कर रही है।
बताया जा रहा है कि खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती कस्बे के एक डिग्री काॅलेज में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा है। वह बृहस्पतिवार की सुबह घर से कस्बे के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा में ई-केवाईसी कराने के लिए निकली। जब शाम तक घर नहीं पहुंची तो परिजन परेशान हो उठे।
छात्रा खोजबीन शुरू कर दी। चार पहिया वाहन लेकर पूरी रात आस-पास के पांच रेलवे स्टेशनों पर दौड़ते-भागते रहे। लेकिन छात्रा नहीं मिली। छात्रा की मां का कहना है कि दस दिन पूर्व छात्रा काॅलेज से परीक्षा देकर जब बाहर निकली थी तो एक बाइक पर सवार दो युवक उसे रोककर पूछे थे कि तुम्हारा घर कहां है, और चाचा कहां हैं। छात्रा ने जवाब दिया था कि घर पर चाचा नहीं है। वह बाहर रहते हैं। इसके बाद फिर युवकों ने पूछा और कितने पेपर का परीक्षा बचा है। छात्रा जब नहीं बोली तो उसकी सहेली ने बता दिया कि अभी दो पेपर बचा है।
मां ने बताया था कि यह बात घर आते ही बेटी ने मुझसे बताई थी। बेटी का अब तक कहीं पता नहीं चलने पर मां तरह-तरह की आशंकाएं जता रही है। प्रभारी थानेदार एसआई लवकुश कुमार ने बताया कि अभी कुछ खास सुराग हाथ नहीं लगा है। काॅल डिटेल खंगाली जा रही है। इसके बाद सर्विलांस के जरिए खोजबीन की जाएगी।