तरकुलवा। आठ अक्तूबर को गायब हुईं दो सगी बहनों की लोकेशन कानपुर में मिली है। दोनों बहनें वहां अपनी मौसी के पास रह रही हैं। उनकी बरामदगी के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस बहुत जल्द दोनों को बरामद कर परिजनों को सौंप देगी।
तरकुलवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 14 मीराबाई नगर के बिस्मिल्लाह नट की दो बेटियों शबनम (12) तथा उजाला (5 ) बीते आठ अक्तूबर को सुबह भोजन करने के बाद घर से निकल गई थीं। दोनों बहनें देर शाम तक घर नहीं लौटीं थीं। उनका मोबाइल नंबर स्विच ऑफ बताने लगा। इसके बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका सताने लगी तो वे उनकी तलाश में जुट गए। जब उनका कहीं पता नहीं चल पाया तो दो दिन बाद मां गुड्डी देवी ने तरकुलवा थाने में पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई में जुट गई।
इसी बीच 25 अक्तूबर को सर्विलांस के जरिए दोनों बहनों की लोकेशन कानपुर में मिली। पुलिस ने उनसे मोबाइल नंबर पर बात की तो दोनों अपनी मौसी के पास होना बताया। पुलिस ने परिजनों से बात करके इसकी जानकारी दी है। पुलिस जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी कर दो दिन के अंदर कानपुर से बरामद कर उनको परिजनों को सौंप देगी। परिजनों ने पुलिस पर बच्चियों को लाने के लिए धन मांगने का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि परिजनों का आरोप गलत है, किसी से पैसा नहीं मांगा गया है। पुलिस स्वतः कानपुर जाकर दोनों बहनों को बरामद कर कोर्ट के माध्यम से परिजनों को सौंप देगी।