देवरिया। लार नगर के सात लोगों पर पुलिस ने मंगलवार को धोखाधड़ी सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया है। सातों पर फर्जी दस्तावेज के सहारे अंश से अधिक जमीन बेचने, फर्जी दस्तावेज तैयार करने सहित कई गंभीर आरोप हैं। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। लार थाना क्षेत्र के फतेहपुर मठलार वार्ड निवासी आशिक द्वारा दिए तहरीर के अनुसार, 20 जनवरी 2020 को उसके पिता ने जमीन को तीनों भाइयों के नाम कर दिया। पिता की मृत्यु के बाद भाइयों ने संपत्ति के लिए वाद दाखिल किया। बाद में आपसी सहमति से सुलह-समझौता हो गया। वार्ड संख्या 13 स्थित मकान में तीनों भाइयों को हिस्सा मिला। एक भाई ने अपने हिस्से की जमीन बेच दी। आरोप है कि बाद में उसके मन में लालच आ गया और आशिक की जमीन पर कब्जा करने लगा। कुछ माह पूर्व आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज लगाकर अंश से अधिक जमीन बेच दिया। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में आशिक ने न्यायालय की शरण ली।