एसडीएम ने डीएम को पत्र लिखकर चिह्नित जगह का अवलोकन करने की कही बात
राज्यमंत्री के प्रयास से एक वर्ष से सलेमपुर बस स्टेशन के लिए जमीन की चल रही थी तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। बस स्टेशन बनाने के लिए तहसील प्रशासन ने नगर पंचायत के राजस्व ग्राम सलाहाबाद की भूमि चिह्नित कीहै। जमीन की पैमाइश के बाद एसडीएम ने डीएम को पत्र लिखकर चिह्नित जमीन का अवलोकन करने की बात कही है। हालांकि चिह्नित जगह पर आईटीआई और कृषि विभाग का भवन बना है। इसमें कुछ भवन जर्जर हालत में हैं।
राज्यमंत्री व सलेमपुर की विधायक विजय लक्ष्मी गौतम के प्रस्ताव के बाद तहसील प्रशासन काफी दिनों से सलेमपुर बस स्टेशन के लिए जमीन की तलाश कर रहा था। आठ फरवरी को जिलाधिकारी कार्यालय से मिले पत्र के आधार पर पिछले हफ्ते रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक और तहसील प्रशासन ने संयुक्त रूप से बस अड्डे के लिए चयनित भूमि नगर पंचायत के राजस्व ग्राम सलाहाबाद की आराजी संख्या 140 रकबा 0.19400 श्रेणी 5-3 (ङ) अन्य कृषि योग्य बंजर के अन्तर्गत भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया था। यहां कृषि विभाग का कार्यालय जर्जर व अनुपयोगी स्थिति में पाया गया।
वर्तमान में यह बंजरिया में संचालित है। अधिकारियों ने बताया कि उद्योग एवं प्रसार विभाग की ओर से निर्मित आईटीआई का भवन भी जर्जर व अनुपयोगी स्थिति में है। लगभग 20-25 वर्षों से संचालित नहीं है। वर्तमान में बरसीपार में यह आईटीआई संचालित है। इस समय बरसीपार में आईटीआई अपनी निजी भवन में संचालित हो रहा है। दोनों विभागों की टीमों ने चिह्नित भूमि को बस स्टेशन के लिए अनुकूल बताते हुए इसकी रिपोर्ट डीएम को भेजकर दोनों विभागों से अनापत्ति प्रमाणपत्र लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नगर के लोगों ने जताया हर्ष
सलेमपुर में बस स्टेशन बन जाने से राहगीरों को जाम की समस्या से जहां निजात मिल जाएगी। वहीं, देर रात तक बस से सफर करने वालों की राह आसान हो जाएगी।
- जीतेंद्र सिंह
सलेमपुर में बस स्टेशन नहीं होने के चलते लोगों को सड़क सड़क पर खड़े होकर बस पकड़नी पड़ती है। यहां यात्रियों के लिए बैठने की टिनशेड तक कि व्यवस्था नहीं है।
- विजय गुप्ता
कोट...
राज्य मंत्री के प्रस्ताव पर आईटीआई और कृषि विभाग की जमीन को चिह्नित कर जिलाधिकारी को पत्र भेज दिया गया है। कृषि विभाग और आईटीआई से अनापत्ति प्रमाणपत्र लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शासन की मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
- अरुण कुमार, एसडीएम सलेमपुर