ट्राइब्रेकर में कोलकाता ने पथरदेवा को हरा फाइनल में किया प्रवेश
ऑल इंडिया महिला फुटबाल प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला
देवरिया। बैतालपुर खेल मैदान पर रविवार को फूलमती देवी स्मारक ऑल इंडिया महिला फुटबाल प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला पथरदेवा और कोलकाता के बीच खेला गया। जिसमें ट्राइब्रेकर के जरिये कोलकाता ने पथरदेवा को 4-2 गोल के अंतर से हराकर फाइनल में जगह बना ली। मंगलवार को होने वाले फाइनल मुकाबले में कोलकाता की भिड़ंत लखनऊ से होगी।
प्रतियोगिता का दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव और सपा नेता विजय प्रताप मणि त्रिपाठी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। खेल के पहले हाॅफ में कोलकाता और पथरदेवा की खिलाडि़यों ने गोल करने का कई प्रयास किया। दर्शकों के बीच से इनाम की घोषणा के बाद भी कोई टीम गोल न कर सकी।
दूसरे हाॅफ में गोल करने में सफलता कोलकाता की खिलाड़ी प्रमिला दास को 18वें मिनट में मिली। उन्होंने हैडर के जरिए मिली गेंद को गोलपोस्ट में डालकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। इसके सात मिनट बाद ही पथरदेवा की खिलाड़ी आयशा खातून ने पेनाल्टी कार्नर के जरिए आई गेंद को गोलपोस्ट में उछाल अपनी टीम को बराबरी पर ला दिया।
अतिरिक्त समय में भी कोई और गोल नहीं हो सका। इसके बाद हुए ट्राइब्रेकर में कोलकाता की ओर से चार गोल दागे गए, जबकि पथरदेवा की खिलाड़ी सिर्फ दो गोल कर सकीं। कोलकाता की टीम 4-2 के अंतर से मुकाबला जीतकर फाइनल में पहुंच गई।