संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। उपजिलाधिकारी से मंगलवार को भूमि बचाओ संघर्ष समिति चकिया कोठी व उत्तर प्रदेश किसान सभा के सदस्यों को संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर समिति ने 13 फरवरी को सुबह 10 बजे से तहसील का घेराव किए जाने का निर्णय लिया है।
किसान नेता साधुशरण ने बताया कि वर्ष 1973 में आवंटित चकिया कोठी के सैकड़ों पट्टा धारक किसानों के खतौनियों पर तहसील के अधिकारियों की ओर से दूसरे का आदेश दर्ज कर दिया गया है। इसे लेकर पट्टा भूमि बचाओ संघर्ष समिति व किसान सभा की ओर से 20 जनवरी को चकिया कोठी चौराहा पर एक दिवसीय धरना के माध्यम से एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया था।
एसडीएम ने कार्रवाई का भरोसा देकर तीन फरवरी को होने वाले तहसील घेराव का कार्यक्रम स्थगित करा दिया था। उन्होंने कहा कि मामले के निस्तारण के बारे में पूछे जाने पर एसडीएम की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर बाध्य होकर 13 फरवरी को बड़ी संख्या में पीड़ित किसान तहसील का घेराव करेंगे। इसकी सारी जिम्मेदारी तहसील प्रशासन की होगी।