भरथुआ चौराहे के पास एसओजी बताकर दूल्हा, दुल्हन समेत चार के अपहरण का मामला
पुलिस ने दूल्हे के भाई की तहरीर पर लूट, अपहरण और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया है केस
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू/देचरिया । थाना क्षेत्र के देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर भरथुआ चौराहे के पास से सरेराह दूल्हा-दुल्हन समेत चार के अपहरण के मामले में पुलिस ने चारों अपहर्ताओं को कतरारी चौराहे के आगे रुद्रपुर मोड़ से गिरफ्तार किया है। बुधवार को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा गया। अपहर्ताओं के पास से दूल्हे से लूटे गए 14 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं।
गाजियाबाद जनपद के थाना नेवाड़ी के ग्राम फिरोजपुर निवासी दूल्हा कपिल त्यागी की बरात सलेमपुर कस्बे में सोमवार को गई थी। मंगलवार दोपहर को दुल्हन की विदाई कराकर गाड़ी से दूल्हा-दुल्हन, दूल्हे का भाई पिंटू त्यागी, फुफेरा भाई सतीश त्यागी, संजय त्यागी, जयभगवान त्यागी और दुल्हन का भाई अभी देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर भरथुआ चौराहे के पास पहुंचे थे। इसी बीच एक कार ने ओवरटेक कर दूल्हे की गाड़ी रोक दी। फिर गाड़ी से दूल्हा-दुल्हन को खींचकर अपनी गाड़ी में बैठाया। विरोध पर हाथापाई शुरू हो गई। फिर चारों ने अपने को एसओजी टीम का होना बताकर तमंचे और चाकू के बल पर दूल्हा-दुल्हन और दोनों के भाइयों को कार में बैठाकर देवरिया की तरफ चल दिए।
दूल्हे के फूफेरे भाई सतीश निवासी बागपत समेत तीन लोगों ने थाने पहुंचकर घटना की सूचना पुलिस को दी। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह अपहर्ताओं का पीछा करने लगे। इंस्पेक्टर ने बताया कि कतरारी चौराहे से तकरीबन एक किमी आगे रुद्रपुर मोड़ के पास अपहर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। अपहर्ताओ के पास से चाकू, तमंचा और दूल्हे से लूट के 14 हजार रुपये बरामद कर लिए गए। गाजियाबाद के नेवाड़ी ग्राम फिरोजपुर निवासी दूल्हे के भाई पिंटू की तहरीर पर लूट, अपहरण और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर सभी को जेल भेज दिया गया।
इनसेट....
बिचौलिए ने दिखवाई दुल्हन, फिर साथियों संग दिया घटना को अंजाम
खुखुंदू। पुलिस ने बताया कि बिचौलिए ने सलेमपुर रेलवे स्टेशन के पास एक मंदिर में पहले लड़की को दूल्हे पक्ष को दिखलाया। फिर शादी के बहाने खरीदारी की गई। इसके बाद लौटते समय बिचौलिए ने साथियों संग मिलकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने दूल्हे के भाई पिंटू त्यागी की तहरीर पर बिचौलिया गोविंद गौड़, धनेश गौड़ निवासी परसिया अहिर, बबलू मद्धेशिया निवासी रामनाथ देवरिया सदर कोतवाली और रामप्रवेश राजभर हरैया थाना सुरौली के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई कर रही है। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि इस वारदात का मास्टर माइंड गोविंद है। उसी ने फोन के जरिए गाजियाबाद के जयभगवान त्यागी से बातचीत कर शादी कराने की बात कही थी। अपहर्ताओं का मकसद शादी के नाम पर यहां बुलाकर लूट-खसोट करना था। हालांकि, वे अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाए। उधर, पुलिस की विवेचना के दौरान कुछ और लोगों का नाम उजागर होने की आशंका है।
कोट...
अपहर्ताओं की गिरफ्तारी हो गई है। उनके पास से लूटी गई रकम, तमंचा और चाकू बरामद कर लिया गया है। इनका मकसद शादी के नाम पर बाहरियों को बुलाकर लूटना था। दूल्हा पक्ष लड़की को लेकर लौट रहा था। इसी बीच इस खेल के मास्टर माइंड गोविंद ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। सभी जेल भेज दिए गए।
-दीपक शुक्ला, क्षेत्राधिकारी सलेमपुर