देवरिया। आउट ऑफ स्कूल बच्चों का परिषदीय स्कूलों में नामांकन कराने और उनकी अधिक से अधिक उपस्थिति दर्ज कराने के लिए नीदरलैंड का अर्ली वार्निंग सिस्टम प्रदेश में भी लागू किया जाएगा। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम शैक्षिक भ्रमण पर नीदरलैंड जाएगी। इस टीम में शिक्षा अधिकारियों के साथ-साथ पुरस्कार विजेता शिक्षकों को भेजा जा रहा है, ताकि वह वहां के शैक्षिक मॉडल में किए जा रहे नव प्रयोगों को यहां भी लागू करा सकें। बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिशचंद्र नाथ ने यह जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि इस बाबत शासन से पत्र आया है। बेसिक शिक्षा मंत्री के साथ नीदरलैंड जा रही टीम में देवरिया जनपद स्थित कंपोजिट स्कूल सहवा क्षेत्र देसही देवरिया से राष्ट्रीय व राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक खुर्शीद अहमद, बाराबंकी के दिनेश कुमार वर्मा, उन्नाव की स्नेहिल पांडेय व बहराइच की आंचल पांडेय शामिल हैं। वहीं अधिकारियों में संयुक्त शिक्षा निदेशक (बेसिक) गणेश कुमार, राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के संयुक्त निदेशक पवन कुमार सचान, स्टेट हेड ऑफ क्वालिटी एजुकेशन आनंद कुमार पांडेय, स्टेट हेड ऑफ कम्युनिटी मोबिलाइजेशन माधव जी तिवारी, सहायक शिक्षा निदेशक श्याम किशोर तिवारी आदि शामिल हैं।
खुर्शीद अहमद के नामित होने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिश्चंद्र नाथ, खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र प्रसाद, शिक्षक जय शिव प्रताप सिंह, प्रमोद कुशवाहा, बदरे आलम, एहतेशाम उल हक, विद्या रानी, अर्पणा सिंह, सरफराज आलम, महफूज सिद्दीकी, अजीत कुमार सिंह, एहसान उल हक, विवेक पांडे, अनवर सादात, उपेंद्र उपाध्याय, धनंजय पाठक आदि ने बधाई दी है।