कई वर्षों से गड्ढों में तब्दील थी सड़क, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में है चयनित
सांसद के प्रयास से क्षेत्र की जनता को भागलपुर, डुमरी आने-जाने में मिलेगी सहूलियत
संवाद न्यूज एजेंसी
चनुकी/सलेमपुर। लार के रामजानकी मार्ग से पिंडी होते हुए खरवनिया डुमरी तक की सड़क प्रधानमंत्री सड़क योजना में चयनित है। यह सड़क काफी दिनों से जर्जर व गड्ढे में तब्दील थी। बारह करोड़ छियासी लाख इक्यानबे हजार की लागत से सड़क बननी है। सड़क के दोनों तरफ पटरियों पर मिट्टी की भराई चल रही है। फरवरी माह से पिच का काम शुरू हो जाएगा। इससे करीब 30 गांवों के लोगों के आने जाने में सहूलियत मिलेगी।
लार के दक्षिणांचल के लोग काफी दिनों से लार - पिंडी सड़क की दुर्दशा से परेशान थे। लगभग 30 गांव के लोगों का आवागमन का यह मुख्य मार्ग है। जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के चलते क्षेत्रवासी काफी दिनों से कष्ट झेल रहे थे। वैसे तो लार ब्लॉक की तमाम सड़कें खराब हैं। मेहरौना से लार राम जानकी मार्ग, नवलपुर से लार, लार बाईपास, पिंडी से भागलपुर सड़क आज भी खराब है। लंबी प्रतीक्षा के बाद आखिरकार सांसद रविंद्र कुशवाहा के प्रयास से लार के रामजानकी मार्ग से पिंडी होते हुए खरवनिया डुमरी तक लगभग 11 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस सड़क की पूरी चौड़ाई 5.65 मीटर होगी, जबकि साढ़े पांच मीटर चौड़ाई में पिच होगी। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क निर्माण योजना के तहत 12 करोड़ 86 लाख 91 हजार की लागत से बन रही सड़क की पटरी पर मिट्टी भराई का काम पूरा हो चुका है।
अवर अभियंता एके गुप्ता ने बताया कि पटरी का काम लगभग पूरा हो चुका है। पटरी पर जेसीबी के सहारे मिट्टी भराई का काम हो चुका है। पिचिंग का काम तीन फरवरी से शुरू हो जाएगा। इस सड़क के बन जाने से बिहार से आने वाले वाहन जिनको बलिया जाना होगा, वे पिपरा चौराहा से मुड़कर पिंडी चौराहा होकर भागलपुर की तरफ बढ़ जाएंगे। इससे उनके समय और ईंधन की बचत होगी। लार रोड में अक्सर बंद रहने वाले रेलवे ढाला पर आए दिन लगने वाले जाम से भी मुक्ति मिलेगी। राम जानकी मार्ग पर वाहनों का दबाव भी काफी कम हो जाएगा।
लोगों ने बयां की खुशी
पिंडी-खरवनिया मार्ग पिछले दस वर्षों से पूरी तरह से गड्ढे में तब्दील हो गई थी। इस मार्ग से गुजरने पर अक्सर लोग गिरकर चोटिल हो जाते थे। जनहित में इस मार्ग का निर्माण कराना अति आवश्यक था। यह आज बनना शुरू हुआ है।
-हारून राशिद, पिंडी
जर्जर सड़क को लेकर काफी दिनों से क्षेत्र के लोग जनप्रतिनिधियों से मांग करते रहे। आखिर वह समय आ गया। अब हम लोगों आने-जाने में राहत मिलेगी।
-इनवेंदर शाही, खरवनिया