फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: अरुणाचल से आ रहे 67 लाख रुपये व सोने के सिक्के के साथ कटिहार पुलिस ने लार के युवक को पकड़ा

विज्ञापन
चेकिंग के दौरान पकड़े गए रूपये की जानकारी देते रेलवे एसपी कटिहार बिहार डा संजय भारती।
विज्ञापन
लार थाना क्षेत्र के मटियरा जगदीश का रहने वाला है सुनील ठाकुर
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। दो दिन पूर्व अरुणाचल एक्सप्रेस से घर आ रहे एक युवक को कटिहार स्टेशन पर रेलवे पुलिस ने प्लेटफार्म संख्या पांच पर चेकिंग के दौरान हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो सूटकेस में रखे 67 लाख रुपये नकद व तीन सौ 76 ग्राम के सोने के बिस्किट व सिक्के बरामद हुए हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद युवक को छोड़ दिया, जबकि बरामद रुपये और सोना को जब्त कर लिया है। फिलहाल रुपये किसका है और कहां से आया, इसकी जांच में पुलिस जुटी हुई है। उधर, युवक के पकड़े जाने की जानकारी होने पर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
कटिहार रेल एसपी डॉ. संजय भारती के मुताबिक दो दिन पूर्व स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली जा रही थी। इसी क्रम में अरुणाचल प्रदेश की तरफ से आने वाली अरुणाचल एक्सप्रेस प्लेटफार्म संख्या पांच पर रुकी। इस दौरान एक युवक दो ट्राॅली बैग लेकर दिखा। पुलिस संदिग्ध मानकर उसके बैग की तलाशी लेना चाही। इस पर उसने मना कर दिया। शक होने पर पुलिस उसे राजकीय रेलवे पुलिस स्टेशन लेकर पहुंची। वहां भी वह पुलिस से सामान होने की बात कह छकाता रहा। जब पुलिस ने बैग खोला तो उसके अंदर 67 लाख रुपये, तीन सौ 76 ग्राम के सोने के बिस्किट व सोने के सिक्के मिले। उसकी पहचान सुनील ठाकुर निवासी ग्राम मटियरा जगदीश थाना लार के रूप में हुई। उसने पुलिस को बताया कि अरुणाचल प्रदेश में रहकर ब्यूटी पार्लर और थोक सब्जी की दुकान चलाकर रुपये अर्जित किए हैं। दो हजार रुपये का नोट बदला है, जिससे रकम ज्यादा हो गई है। बहरहाल पुलिस ने बरामद रुपये जब्त कर लिया है। रुपये कहां से आए हैं और किसके हैं, इसकी जांच में जुटी हुई है। कटिहार रेलवे के एसपी डॉ. संजय भारती ने बताया कि चेकिंग के दौरान बरामद हुए रुपये के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इसके लिए टीम लगी हुई है। युवक को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया है। रुपये के बारे में आयकर विभाग भी जानकारी जुटा रहा है। जांच के दौरान जो बात सामने आएगी, आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

-
पिता बेचते हैं भूजा, भाई करते हैं नाई का काम
67 लाख रुपये व सोने के बिस्किट के साथ कटिहार स्टेशन पर पकड़े गए सुनील ठाकुर के पिता हंसराज ठाकुर घर पर रहकर ठेला पर भूजा बेचते हैं। वहीं उससे दो बड़े भाई घर रहकर बाल काटने का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सूत्रों की माने तो सुनील कुछ वर्षों पूर्व अरुणाचल प्रदेश गया था। वहां बाल काटने का काम करता था। ऐसे में उसके पास इतने पैसे कहां से आए। पुलिस इस मामले में कई अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
विज्ञापन


आधे घंटे तक पुलिस को छकाता रहा
कटिहार स्टेशन पर पकड़े जाने के बाद सुनील ठाकुर रेलवे पुलिस को आधे घंटे तक छकाता रहा। पूछताछ के दौरान उसने अपनी बातों के जरिए पुलिस को अदब में लेने की कोशिश की। उसने अपने को बड़ा ब्यूटी पार्लर व सब्जी व्यवसायी होने की बात कही। जब पुलिस ने थाने ले जाकर कड़ाई से पूछताछ की तो सब कुछ बता दिया। इसके बाद से पुलिस जांच में जुट गई।
-
विदेशी मुद्रा भी मिले
रुपये के साथ पकड़े गए युवक के पास से 67 लाख के अलावा कुछ विदेशी रुपये भी बरामद हुआ है। पुलिस उसे भी जब्त कर अन्य कई बिंदुओं पर जांच करने में जुटी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें