4,598 विद्यार्थी होंगे शामिल, डीएम ने की तैयारियों की समीक्षा
- नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए बनाए गए छह जोनल, 11 सेक्टर तथा 15 स्टेटिक मजिस्ट्रेट
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद लखनऊ की ओर से संचालित सेकेंड्री, सीनियर सेकेंड्री, कामिल व फाजिल वर्ष-2023 की परीक्षा 17 से 24 मई के मध्य प्रात: आठ से 11 बजे तक तथा दोपहर दो से छह बजे तक संपन्न होगी। परीक्षा में कुल 4598 विद्यार्थी शामिल होंगे। इसके लिए जनपद में 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने तथा केंद्रों पर नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अनुपालन में परीक्षा केंद्रों पर सघन निरीक्षण के लिए छह जोनल, 11 सेक्टर तथा 15 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नामित किए गए हैं। उन्हें निर्देशित किया गया है कि वे अपने क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी विद्यालयों का परीक्षा अवधि में सघन निरीक्षण करते हुए नकल विहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपादित कराएंगे तथा प्रतिदिन की निरीक्षण आख्या जिलाधिकारी व जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम को लिखित रूप से उपलब्ध कराएंगे। नकल से जुड़ी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने से संबंधित जोनल/ सेक्टर मजिस्ट्रेट पुलिस प्रशासन से तत्काल सहयोग प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई करेंगे। साथ ही शासन की ओर से कोविड-19 के रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देश का पालन करते हुए प्रत्येक सेक्टर मजिस्ट्रेट केंद्र पर शांतिपूर्ण एवं सुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिए व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी होंगे। शासन से प्राप्त निर्देश के अनुसार गत वर्षों की भाति इस वर्ष 2023 की परीक्षा में भी अनुचित साधन प्रयोग करने पर संज्ञेय अपराध माना गया है। प्रश्नपत्रों की गोपनीयता व हिंसक कृत्य के अपराधों के लिए कारावास एवं दंड की व्यवस्था प्रभावी रखी गई है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर 9838729931, 9525145042 जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी देवरिया का मोबाइल नंबर 8756793840 है।
-
इनसेट
यहां बनाए गए हैं परीक्षा केंद्र
अनंत आदर्श इंटर कालेज गनियारी मदनपुर, श्रीराम इंटर कालेज तेलिया कलॉ ब्लाक भागलपुर, सर्वोदय इंटर कालेज बखरी बाजार ब्लाक बनकटा, महंथ रामनरेश दास आदर्श इंटर कालेज मठदमोदरा चनुकी ब्लाक लार, सुभाष इंटर कालेज भटनी, बापू इंटर कालेज सलेमपुर, बीआरडी इंटर कालेज देवरिया, गांधी इंटर कालेज महुआपाटन ब्लाक तरकुलवा, जनता इंटर कालेज रामपुर कारखाना, ठाकुर प्रसाद गणतंत्र इंटर कालेज देसही देवरिया, आचार्य नरेंद्र देव इंटर कालेज पथरदेवा, मदरसा इस्लामिया महुआरी पथरदेवा, मदरसा गौसिया अनवरुल उलूम मलसी खास पथरदेवा, मदरसा अंजुमन इस्लामिया जैनबतुल बनात बजरहा बघौचघाट ब्लाक पथरदेवा तथा मदरसा मदनी दारुल उलूम मेहारहांगपुर ब्लाक पथरदेवा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।