- इंतजार करने के बाद करीब डेढ़ सौ लोग हुए निराश
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मेडिकल कॉलेज में एक्स-रे फिल्म समाप्त होने से जांच ठप कर दी गई, जिससे मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। देर तक इंतजार करने के बाद करीब डेढ़ सौ लोगों को निराश होकर बिना जांच कराए लौटना पड़ा। शाम को फिल्म आने पर जांच शुरू हुई। शनिवार को जांच के लिए भीड़ बढ़ सकती है।
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा बिहार प्रांत के सीमावर्ती इलाकों के लोग इलाज कराने आते हैं। ओपीडी और वार्ड व इमरजेंसी से मरीज एक्स-रे कराने डिजिटल एक्स-रे सेंटर पर पहुंचते हैं, जहां मरीजों की लंबी कतार लगती है। मरीजों को डेढ़ से दो घंटे तक बारी की प्रतीक्षा करनी पड़ती है। यहां आए दिन फिल्म समाप्त होने से भी मरीजों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
शुक्रवार को दोपहर तक करीब नब्बे मरीजों की जांच हुई। इसके बाद फिल्म समाप्त हो गई, जिससे जांच ठप हो गई। लाइन में खड़े लोग हो-हल्ला करने लगे। कर्मचारियों व सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद लोग इंतजार कर रहे थे। थक-हार दोपहर बाद दो बजे निराश होकर लोग लौट गए। जरूरी होने पर कुछ लोगों ने निजी सेंटरों का सहारा लिया, जिससे उन पर आर्थिक बोझ पड़ा। लोग व्यवस्था को कोस रहे थे। रुद्रपुर क्षेत्र के कुबेर, धीरेंद्र, भलुअनी के रामप्रवेश, तरकुलवा की सुनीता आदि ने बताया कि काफी देर में हम लोग लाइन में खड़े थे, लेकिन फिल्म समाप्त होने से जांच नहीं हुई। इसके लिए दोबारा आना पड़ेगा। गर्मी में आने और जाने में परेशानी होती है।
जून और जुलाई के प्रथम सप्ताह में भी फिल्म समाप्त होने से मरीजों को परेशान होना पड़ा था। शाम करीब साढ़े बजे फिल्म आई, इसके बाद जांच शुरू हुई, लेकिन तब तक ओपीडी के मरीज जा चुके थे। इसके बाद इमरजेंसी के मरीजों की ही जांच हुई।
एक्स-रे फिल्म मंगा ली गई है। कुछ देर तक फिल्म न होने के कारण जांच नहीं हो सकी। अब जांच शुरू कर दी गई है। सभी को एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध होगी।
-डॉ. एचके मिश्रा सीएमएस