-महुआडीह थाना क्षेत्र के पिपरहिया गांव का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। महुआडीह थानाक्षेत्र के पिपरहिया गांव में सिंचाई विभाग की भूमि पर कब्जा कर खेत में मिला लेने के प्रकरण से जुड़ी शिकायत को सिंचाई विभाग ने गंभीरता से लिया है। सोमवार को एक्सईएन ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की।
महुआडीह गांव के मुकेश सिंह ने कुछ दिन पहले सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को पत्र सौंपा था। उसमें उन्होंने आरोप लगाया कि पिपरहिया गांव में सिंचाई विभाग (नहर) की भूमि पर एक व्यक्ति ने अतिक्रमण कर उसे अपने खेत में मिला लिया है। उस पर वह बाकायदा खेती कर रहा है। उन्होंने मामले की जांच कराकर भूमि खाली कराए जाने की मांग की थी।
सिंचाई विभाग ने इस पूरे मामले का संज्ञान लिया। सोमवार को सिंचाई विभाग द्वितीय खंड के अधिशासी अभियंता दुर्गेश गर्ग ने मौके पर पहुंचकर भूमि की जांच पड़ताल की। इससे भूमाफिया के परिवार में अफरातफरी का माहौल रहा। अधिशासी अभियंता ने बताया कि शिकायतकर्ता ने इस विषय पर विभाग का ध्यान आकृष्ट करा कर सराहनीय कार्य किया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।