भाटपाररानी। थाना क्षेत्र के एक पोलिंग बूथ पर बीएलओ तीन दिन से गायब हैं। बुधवार को सुपरवाइजर ऋषिकेश कुमार यादव ने एसडीएम भाटपाररानी को शिकायती पत्र देकर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। सुपरवाइजर ने शिकायती पत्र में कहा है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए निर्देश के क्रम में बीएलओ को अपने निर्धारित बूथ के मतदाताओं को घर-घर जाकर गणना पत्रक वितरित करना है। साथ ही भरे गए गणना पत्रक को मतदाताओं से वापस लेकर उन्हें बीएलओ एप्स के माध्यम से डिजिटाइज ऑनलाइन प्रदर्शित करना है। उन्हें बिना अनुमति के मुख्यालय भी नहीं छोड़ना है लेकिन विधानसभा क्षेत्र भाटपाररानी के बूथ संख्या 138 से 147 के बीएलओ पंकज कुमार विगत तीन दिनों से गायब हैं और शासकीय प्रपत्र भी किसी जिम्मेदार को सुपुर्द नहीं किए हैं। इससे कार्य बाधित है। संवाद एसडीएम ने थानाध्यक्ष भाटपाररानी को प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जांच में पाया गया है कि पंकज कुमार अपना कार्य आरंभ कर दिए हैं। संवाद