संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सदर तहसील क्षेत्र के तरकुलवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नरायनपुर गांव में सीलिंग की जमीन पर दबंगों की ओर से गन्ने की फसल बोने के मामले को डीएम ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने सीआर व एसडीएम सदर को मौके का निरीक्षण कर अवैध कब्जा हटवाकर उक्त जमीन को सरकारी कब्जे में लेने का निर्देश दिया है। मालूम हो कि नरायनपुर गांव के प्रधान प्रतिनिधि सरफराज अहमद ने जिलाधिकारी को पत्र देकर आरोप लगाया था कि उनकी ग्राम सभा में अरजी नंबर 101, 102 व 103 जो सरकारी अभिलेखों में सीलिंग की जमीन के रूप में दर्ज है और उस भूमि पर कुछ लोगों ने जबरदस्ती गन्ने की फसल बो ली है। एसडीएम सदर के निर्देश पर आरोपितों को हलका लेखपाल द्वारा नोटिस तामिल कराया गया है। साथ ही ग्राम सभा ने गन्ने की फसल की नीलामी के लिए मुनादी भी कराई है। इस मामले को डीएम ने गंभीरता से लेते हुए एसडीएम को मौका मुआयना कर कब्जा हटवाने और सीलिंग की जमीन पर सरकारी कब्जा होना सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है।