एसपी से मिलकर दुकानदार ने की शिकायत, सीओ सीटी ने शुरू की जांच
सीओ ने दुकानदार का दर्ज किया बयान, जमीन के विवाद में हुई घटना
देवरिया। साहब! इंस्पेक्टर 43 इंच का एलईडी टीवी गिफ्ट मांग रहे हैं। नहीं देने पर प्रताड़ित कर रहे हैं। शाम को दुकान पर पट्टीदारों ने विवाद कर दिया। मौेके पर पहुंची पुलिस फूफा और जीजा को लेकर थाने चली गई, जबकि रिश्तेदारों का विवाद से कोई लेना-देना नहीं था। यह शिकायत एक दुकानदार ने शुक्रवार को एसपी से की। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ सीटी को जांच का आदेश दिया है। सीओ ने पीड़ित का बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महुआडीह के मठिया टोला निवासी धीरज सिंह की थाने के पीछे फास्ट फूड की दुकान है। उनके पट्टीदार से जमीन का विवाद चलता है। बृहस्पतिवार की शाम को दुकान पर पहुंचे पट्टीदारों ने विवाद कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस दुकान पर मौजूद फूफा और जीजा और मारपीट करने वाले एक युवक को हिरासत में लेकर थाने चली गई। आरोप है कि देर रात को पुलिस ने मारपीट करने वाले युवक को छोड़ दिया, जबकि धीरज के फूफा और जीजा को थाने में बैठाए रखी। इस बारे में पूछने पर इंस्पेक्टर एलईडी टीवी की मांग करने लगे।
पीड़ित ने बताया कि दो माह पूर्व भी मारपीट होने पर इंस्पेक्टर ने प्रताड़ित किया था। विवाद हम पट्टीदारों के बीच हुआ था। लेकिन रिश्तेदारों को जान बूझकर पुलिस थाने ले गई। उन लोगों का इससे कोई लेना देना नहीं है। सीओ सीटी श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। शिकायत सही मिलने पर दोषी पर कार्रवाई होगी। पट्टीदारों के बीच जमीन का विवाद चलता है। पुलिस ने जिसको हिरासत में लिया है उसके खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है।