बाइक में फंसा कुत्ता, तीस मीटर तक बाइक में फंसकर घिसटता रहा अधेड़ का मामला
फोटो
खुखुंदू थाना क्षेत्र के नर्सरी चौराहे पर छह दिन पूर्व हुआ था हादसा
फोटो समाचार...
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के नर्सरी चौराहे के पास छह दिन पूर्व हुई दुर्घटना में जीवन और मौत से जूझ रहे रामजी जिंदगी से लड़ते-लड़ते आखिर कार हार गए। उनकी मौत की खबर गांव में लगी। उनके चाहने वालों की भीड़ दरवाजे पर उमड़ पड़ी। पत्नी और प्रधान रोते-रोते बेहोश हो जा रही थीं। गांव की महिलाएं उनको संभालने में लगी हुई थीं।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के भैसहां गांव निवासी रामजी कन्नौजिया (45) की पत्नी कृष्णावती देवी वर्तमान में गांव की प्रधान है। पति रामजी सोमवार की दोपहर बाद सदर ब्लॉक पर ग्रामसभा के किसी आवश्यक कार्य के लिए गए थे। वह शाम को ब्लाॅक पर कार्य निपटाकर खुखुंदू के लिए चले। बाइक लेकर वह अभी देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर नर्सरी चौराहे के पास ही पहुंचे थे कि अचानक बाइक के आगे कुत्ते ने छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों के मुताबिक छलांग लगाते समय कुत्ता बाइक में फंस गया। तब-तक पीछे से एक चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे रामजी भी बाइक में जा फंसे और बाइक कुत्ते और रामजी को लेकर तीस मीटर तक सड़क पर घिसटती रही। गोरखपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चलने के बाद डाॅक्टर ने पीजीआई लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। परिजन हालत बिगड़ने पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले गए। जहां शनिवार शाम को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। लोग एक-दूसरे से फोन कर जानकारियां जुटाने लगे।
उधर, पति की मौत के बाद पत्नी कृष्णावती देवी, बड़ी बेटी बबली और अंशू रो-रो कर बेहोश हो जा रही थीं। जबकि बेटा राजकुमार मां और बहनों को संभालते हुए स्वयं फफक रहा था। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि मौत की सूचना मिली है। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने भी मौत की पुष्टि की है।
इनसेट...
गांव में नहीं जला किसी के घर चूल्हा
संत भगवान दास शास्त्री महाराज भेड़िया अपने आश्रम से पल-पल की खबर लेते रहे। उधर, गांव पहुंचे व्यापार मंडल अध्यक्ष सन्निवेश द्विवेद्वी, राजेश बरनवाल, नारद मद्धेशिया, मंटू राय, पवन यादव, मंटू मद्धेशिया, डाॅक्टर उमेश कुमार, मुन्ना श्रीवास्तव सहित पूरे क्षेत्र के लोग जनसहयोग में लगे रहे। शनिवार रात को गांव में किसी के घर चूल्हा नहीं जला।
प्रधानों ने खुखुंदू पहुंचकर जताया शोक
खुखुंदू। रामजी की मौत की खबर लगते ही क्षेत्र के प्रधानों ने पंचायत भवन खुखुंदू पहुंच दो मिनट का मौन धारण कर मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। शोक व्यक्त करने वालों में प्रधान रबुल करीम, जयराम प्रसाद, पारसनाथ यादव, उमेश यादव, अभय कुशवाहा, आशुतोष मिश्रा, राघवेन्द्र यादव, बिंद्रेश मिश्र,पवन तिवारी उर्फ सोनू, जहरुद्दीन खान, प्रदीप कुमार मौर्य, पप्पू यादव, गामा यादव, सत्यपाल यादव, केश्वर सिंह सहित अन्य शामिल रहे।