बिजली चोरी रोको अभियान के तहत पंडित हरैया गांव में जांच करने गई टीम पर हुआ था हमला
दूसरे पक्ष ने जेई पर घर में घुसकर गलत नजर से देखने का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमुपर। बिजली चोरी रोको अभियान के तहत पंडित के हरैया गांव में बिजली निगम की टीम पर हमला करने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
मंगलवार की शाम हमला बोलने तथा जेई को पीटने के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मारपीट तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, दूसरे पक्ष के लोगों ने जेई पर घर में घुसकर महिला को गलत नजर से देखने व अभद्रता करने की तहरीर दी है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के पंडित हरैया गांव में मंगलवार की शाम को अवर अभियंता विद्युत ग्रामीण विजय कुमार गौड़ तथा अन्य कर्मचारी जांच करने गए थे। इसी बीच गांव के गोविंद तिवारी का कनेक्शन चेक किया तो इनके परिसर में घरेलू कनेक्शन पर दो किलो कामर्शियल प्रयोग हो रहा था।
अवैध रूप से अलग से कटिया लगाकर बिजली चोरी की जा रही थी। तहरीर में आरोप है कि मौके पर विरोध करने पर गोविंद तिवारी के घर का एक लड़का गाली देने लगा और घर की बिजली चेक करने पर जान माल की धमकी दी। उसने एक व्यक्ति को बुलाया और मौके पर मुझे मारने-पीटने लगे। इस दौरान गंभीर चोट आई।
इसके बाद बिजली निगम के कर्मचारियों के साथ कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने राजन तिवारी व गोविंद तिवारी के लड़के के खिलाफ मारपीट‚ जान से मारने की धमकी व सरकारी कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज किया है।
दूसरे पक्ष ने जेई पर लगाए आरोप, दी तहरीर
दूसरे पक्ष की एक महिला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। बताया है कि मेरे घर पर बिजली निगम के चार-पांच लोग चेकिंग के नाम पर घर आए। बताया कि बिजली मीटर बाहर लगा है। वहां चेक कर लीजिए। इस पर जेई धौंस जमाते हुए घर में घुस आए और मेरी बहू को गलत नजर से देखने लगे। यह बात मुझे बुरी लगी तो जेई ने कहा तुम चुप रहो‚ हम लोगों को काम करने दो। मैंने इस बात पर नाराजगी जाहिर की और इसकी सूचना बच्चों को दी। परिवार के लोग पहुंचे तो वे भाग खड़े हुए।
कोट
उन पर लगाया गया आरोप निराधार है। वहां जो भी घटना हुई उसका वीडियो मेरे पास है। इसमें ऐसी कोई बात नहीं कही गई है।
-विजय कुमार गौड़, अवर अभियंता
कोट
बिजली निगम के अवर अभियंता से मारपीट के मामले में तहरीर के आधार पर दो लोगों पर केस दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष ने भी तहरीर दी है। इसकी जांच की जा रही है।
-दीपक शुक्ला, सीओ