मारपीट की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया के भलुअनी क्षेत्र के एक गांव में भैंस बांधने से मना करने पर एक परिवार के चार सदस्यों ने युवक को मारपीट कर गंभीर रुप से घायल कर दिया। पूरी घटना पीड़ित के दरवाजे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घायल का मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में इलाज चल रहा है।
जिले के भलुअनी थाना क्षेत्र के सोनखरिका गांव में रामध्यान तिवारी पुत्र स्व भभूती तिवारी ने पुलिस को दिए तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के ही रामहर्ष विश्वकर्मा शनिवार 4 बजे मेरे पेड़ के नीचे अपनी भैंस बांधने के लिए लाए तो मैंने मना कर दिया। इससे नाराज उनके परिवार के सभी सदस्यों ने गाली देना शुरू कर दिया।
रात में आठ नौ बजे के बीच रामहर्ष विश्वकर्मा, नंदलाल विश्वकर्मा पुत्र बाबू नंद विश्वकर्मा तथा भरत और उसका नाबालिग भाई पुत्र रामहर्ष विश्वकर्मा ने मेरे बेटे कमल किशोर तिवारी को लाठी डंडे से बुरी तरह से मार पीटकर घायल कर दिया। मारपीट की पूरी घटना घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई।
वह तब तक मेरे बेटे को मारते रहे जबतक वह अधमरा न हो गया। अचेत होने के बाद चारों हमलावर भाग गए। इसके बाद घायल का उपचार देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां उसका चल रहा है। युवक को सिर कमर पीठ और पैर में गंभीर चोट लगी है। भलुअनी थानाध्यक्ष रामाज्ञा सिंह ने बताया कि हमले के आरोपी नाबालिग समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।