तहसीलदार न्यायालय के सामने शनिवार को एक महिला अपने ऊपर पेट्रोल डाल कर जान देने की कोशिश करने लगी। वह बोतल में पेट्रोल लेकर पहुंची और अपने ऊपर डाल कर जैसे ही माचिस जलाने लगी वकीलों ने उसे पकड़ लिया।
काफी मेहनत के बाद उसके हाथ से माचिस छीनकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस बहुत ही मशक्कत के बाद उसे समझाकर थाने ले गई। वहा उसकी समस्या को सुनकर समाधान का भरोसा दिलाया।
जंगल ठकुरही की रहने वाली सरिता मिश्रा ने बताया कि उनके गांव का एक युवक नितेश उसे प्यार के जाल में फंसा कर धोखे से जमीन बैनामा करा लिया है। जमीन लिखवाने के बाद उसने मामले में आपत्ति किया तो आरोपी ने जमीन दूसरे को बेच दी।
इस मामले में सिविल व तहसीलदार कोर्ट में केस चल रहा है। आरोपी के खिलाफ तहरीर देने के बाद भी छह माह से कोई कार्रवाई नही हो रही है। उसने युवक पर धोखाधड़ी कर जमीन हड़पने और अस्मत से खेलने का गंभीर आरोप लगाया है।
तहसील में आत्मदाह की कोशिश करने से पुलिस प्रशासन के लोग सकते में आ गए। करीब एक घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा। मौके पर सीओ अंशुमन श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौण्डिल्य, कोतवाल रणजीत सिंह पहुंचकर महिला को कार्रवाई का भरोसा दिलाकर अस्पताल ले गए।
कोतवाल ने कहा कि महिला के प्रार्थना पत्र पर केस पंजीकृत कर जांच की जाएगी। एसडीएम हरिशंकर लाल ने कहा कि मामले की जांचकर न्यायोचित कार्रवाई होगी।