बरहज/भलुअनी। पंचायत के उपचुनाव को लेकर बरहज और भलुअनी ब्लॉक परिसर में सोमवार को पर्चा दाखिला के दिन गहमागहमी का माहौल रहा। जहां उम्मीदवारों ने प्रधान और वार्ड सदस्य के खाली चल रहे सीटों पर पर्चा दाखिल किया। सुरक्षा को लेकर पुलिस बल तैनात किया गया था।
बरहज ब्लॉक परिसर में पर्चा दाखिला के लिए काउंटर बनाया गया था। जहां एआरओ देवेश आनंद के नेतृत्व में पर्चा दाखिला की कार्रवाई शुरु किया गया। बारा दीक्षित के वार्ड नंबर आठ के सदस्य पद पर शंभूनाथ ने एक सेट में पर्चा दाखिल किया। वहीं भलुअनी में एआरओ खंड शिक्षाधिकारी सूरज कुमार के देखरेख में बहोर धनौती के प्रधान पद के लिए कोदई पुत्र स्व.रामकृपाल, संदीप पुत्र सुभाष और संजय पुत्र रामविलास ने एक-एक सेट, जबकि शेरवां बभनौली के वार्ड नंबर 11 में सदस्य पद के लिए दिलीप कुमार पुत्र मुसाफिर ओर गोलउथा वार्ड नंबर 10 के लिए बृजेश यादव पुत्र जंगबहादुर ने पर्चा दाखिल किया। हालांकि बरहज और भलुअनी में वार्ड सदस्य पद पर किसी अन्य के पर्चा न दाखिल करने से सीट निर्विरोध होनी तय है। मौके इंस्पेक्टर राहुल सिंह, भलुअनी रामाज्ञा सिंह, एडीओ पंचायत मदनमोहन पाठक, राजेश राय आदि मौजूद रहे।