खुखुंदू थाना क्षेत्र के शेरवां बभनौली गांव में खलिहान की भूमि से प्रशासन ने अवैध कब्जा हटवाया।
खुखुंदू। ग्राम पंचायत शेरवां बभनौली गांव में खलिहान की भूमि पर दो परिवारों के लोग लंबे समय से अवैध कब्जा जमाए थे। इसकी शिकायत ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दिनेश यादव ने सीएम से लेकर डीएम से की थी। इसके तहत रविवार शाम को राजस्व टीम और पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंच अवैध कब्जा हटवाया। इस दौरान पुलिस और अवैध कब्जाधारियों के बीच हल्की नोंक-झोंक भी हुई।
विकास खंड भलुअनी अंतर्गत ग्राम पंचायत शेरवां बभनौली गांव की खलिहान की भूमि पर गांव के ओमप्रकाश चौहान और मन्नू चौहान चार-पांच सालों से ईंट की पक्की दीवार चलाकर कटरेन और झोपड़ी डाल रखे थे। ग्राम प्रधान चंदन यादव के ससुर और प्रधान प्रतिनिधि दिनेश यादव ने तकरीबन आठ माह पहले सीएम से लेकर डीएम, एसडीएम बरहज को प्रार्थना पत्र देकर अवैध कब्जा हटवाने की गुहार लगाई थी। रविवार को उपजिलाधिकारी बरहज अंगद यादव के निर्देश पर नायब तहसीलदार बरहज रविंद्र मौर्या, कानूनगो सुनील कुमार, हल्का लेखपाल आशुतोष आर्य, रौशन मिश्रा सहित अन्य राजस्व टीम और पुलिस फोर्स की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया गया।
प्रधान प्रतिनिधि का आरोप है कि जब भी अवैध कब्जा हटाया जाता है कब्जाधारी दोबारा काबिज हो जाते हैं। ऐसा करने पर राजस्व टीम ने कार्रवाई की हिदायत दी है। एसडीएम बरहज अंगद यादव ने बताया कि प्रधान प्रतिनिधि की शिकायत पर खलिहान की भूमि से कब्जा हटाया गया है। अब जो कब्जा करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
-
इनसेट.........
तीन लोगों का पुलिस ने शांतिभंग में किया चालान
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में आपसी विवाद को लेकर हुए मारपीट में पुलिस ने रविवार को तीन लोगों का शांतिभंग में चालान किया है। पुलिस ने तीनों को घर से गिरफ्तार कर कार्रवाई की है। खुखुंदू थाना क्षेत्र के ग्राम खखड़ी निवासी टेंगर यादव, बहोरवां गांव के स्वरुप और महुई श्रीकांत गांव निवासी मनोज यादव को उनके घर से गिरफ्तार कर सभी का शांतिभंग में चालान किया है। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि तीनों अलग-अलग विवाद में शामिल रहे है। संवाद