-जनपद में एनएचएआई द्वारा सड़क चौड़ीकरण के लिए भू-अर्जन कार्रवाई से संबंधित कार्यों की हुई समीक्षा बैठक
- पूर्ण पारदर्शिता के साथ होगा भूमि अधिग्रहण मुआवजे वितरण : डीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट स्थित कार्यकक्ष में जनपद में एनएचएआई द्वारा सड़क चौड़ीकरण के लिए भू-अर्जन कार्रवाई से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिलाधिकारी ने सभी परियोजनाओं के लिए हुए भूमि अधिग्रहण से जुड़े मुआवजे का भुगतान पूर्ण पारदर्शिता के साथ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी तरह की कोताही उनके संज्ञान में आई तो सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में सलेमपुर-मैरवा मार्ग का 14.7 किलोमीटर, देवरिया बाईपास का 21.9 किलोमीटर, नवलपुर से सिकंदरपुर मार्ग का 15 किलोमीटर, रामजानकी मार्ग का 40 किलोमीटर, तमकुहीराज से सलेमपुर मार्ग का 15 किलोमीटर और सलेमपुर बाइपास मार्ग का 14.7 किलोमीटर निर्माण कार्य होना है। जिलाधिकारी ने बताया कि इस समय तीन परियोजनाओं में यथा-सलेमपुर-मैरवा, रामजानकी मार्ग और तमकुही राज- सलेमपुर मार्ग में अद्यतन पैसा बांटा जा रहा है। जिन लोगों का जमीन अधिग्रहण हुआ है, वे किसी के झांसे में न आए। यदि कोई दलाल मुआवजा दिलाए जाने के लिए किसी भी प्रकार की कोई डिमांड रखता है तो उसे पैसा देने की जरूरत नहीं है। हम अपनी तरफ से मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
जिस क्रम में लोगों ने पूर्ण आवेदन किया है, उसी क्रम में सबको पैसा क्रमवार दिया जाएगा। यह कार्य पूरी पारदर्शिता से हो सके, इसके लिए इसे जिला प्रशासन की वेबसाइट पर शीघ्र ही उपलब्ध करा दिया जाएगा। किस क्रमांक से लोगों ने कागज पूरे किए है, उसी क्रम से सभी को पैसा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि रामजानकी परियोजना पर पैसा अभी समाप्त है। शासन से अगली किश्त की मांग की गई है। कुछ समय लगेगा, उस पैसा को देने में, इसलिए किसी के भी झांसे में न आए कि किसी को पैसा देने से कार्य जल्दी हो जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया है कि यदि किसी नागरिक को भूमि अधिग्रहण के मुआवजे के भुगतान में कोई समस्या आ रही हो तो 05568-222261, 225351 पर सुबह 10 से शाम 5 के मध्य भी संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। समीक्षा बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार राय, एडीएम प्रशासन गौरव श्रीवास्तव, सीआरओ जेआर चौधरी सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।