-देवरिया रेलवे स्टेशन से 25 किलो चांदी और 14.20 लाख रुपये हुआ था जब्त
-आयकर विभाग की टीम कर रही जांच, 15 दिन का दुकानदारों को मिला समय
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जब्त किए गए 25 किलो चांदी और 14.20 लाख रुपये का कागजात 15 दिन के अंदर दुकानदारों को देना होगा। जांच कर रही आयकर विभाग की टीम ने दोनों दुकानदारों को समय दिया है। ऐसा नहीं करने पर रकम और चांदी सरकारी खजाने में जमा कर दी जाएगी।
देवरिया जीआरपी की टीम बृहस्पतिवार की रात प्लेटफार्म पर भ्रमण कर रही थी। प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर बने ओवरब्रिज के पास से कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के लक्ष्मीगंज लाला छपरा निवासी हरिशंकर वर्मा और महराजगंज जिले के सिंदुरिया थाना क्षेत्र के पकड़ियार बुजुर्ग गांव निवासी रोहित कुमार वर्मा की संदेह के आधार पर जांच किया। हरिशंकर के बैंग से 9.20 लाख रुपये और 10.700 किग्रा चांदी की सिल्ली बरामद हुई। वहीं रोहित वर्मा के बैग से 5 लाख रुपये और 14.230 किग्रा चांदी की दो सिल्ली मिली। कोई कागजात नहीं दिखाने पर जीआरपी ने रकम और चांदी को जब्त कर लिया और इसकी जानकारी आयकर विभाग को दिया। गोरखपुर से आई आयकर विभाग की टीम ने जांच किया तो प्रथम द्रष्टया कर चोरी का मामला पकड़ा गया। दोनों दुकानदारों से आयकर विभाग की टीम ने 15 दिन के अंदर रुपये और चांदी का कागजात प्रस्तुत करने का समय दिया है। जीआरपी एसओ सुधाकर उपाध्याय ने बताया कि आयकर विभाग को कागजात प्रस्तुत नहीं करने पर जुर्माना लगेगा, नहीं तो चांदी और रकम सरकारी खजाने में जमा हो जाएगा।