देवरिया। अगर आपके किसी भी प्रकार के वाहन पर जाति सूचक शब्द लिखा है, तो इसे तुरंत हटवा लें वरना आपकी गाड़ी का पुलिसकर्मी फोटो खींचकर चालान काट देंगे। इससे आपको पांच हजार रुपये की चपत लग सकती है। इस संबंध में सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दे दिया है। जबकि एआरटीओ ने ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने की तैयारी कर ली है।
प्रदेश सरकार ने वाहनों पर जाति शब्दों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के करने का निर्देश दिया है। वाहनों पर जाति और पद का स्टीकर या शब्द लगे होने पर गाड़ी को सीज करने और चालान की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा वाहन मालिक को भारी चालान भी भरना पड़ सकता है। यानी अगर आपकी गाड़ी पर खान, यादव, क्षत्रिय, पंडित, जाटव जैसा कोई भी जाति सूचक शब्द लिखा है तो ट्रैफिक पुलिस आपके खिलाफ कार्रवाई करेगी। मोटर वाहन एक्ट के मुताबिक, नंबर प्लेट पर अगर नंबर के अलावा कुछ भी लिखा है, तो परिवहन विभाग ऐसे वाहन और वाहन मालिक के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है। एआरटीओ एक शुक्ला ने बताया कि मुताबिक, नंबर प्लेट पर जाति शब्द या स्लोगन लिखने के कारण ऑनलाइन चालान करना मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा इन गाड़ियों को ट्रेस करना भी मुश्किल होता है। टीएसआई गुलाब सिंह ने बताया कि अभियान चलाकर ऐसे वाहनों का चालान किया जाएगा। शहर के सभी चौराहों पर चेकिंग करने का निर्देश दिया गया है।
वाहन पर जाति लिखवाकर चलना गलत है। क्योंकि, इससे ऐसा लगता है कि रौब दर्शाया जा रहा है। ऐसे वाहनों चालकों के खिलाफ अभियान चलाया जाना चाहिए। नंबर प्लेट पर कुछ भी लिखवाना गलत है।
- संतोष गुप्ता, जलकल रोड, व्यापारी
वाहन पर जाति या कोई भी पदनाम लिखवामा गलत है। इससे समाज में गलत संदेश जाता है। लोगों को खुद ही ऐसा करने से बचना चाहिए। इसके कारण उनको गाढ़ी कमाई जुर्माने के रूप में भरनी पड़ सकती है।
- रानू श्रीवास्तव, अधिवक्ता